हिसार के नागरिक अस्पताल में जच्चा-बच्चा वार्ड के बाहर एक कुत्ते द्वारा मांस खाते हुए का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। यह वीडियो सोमवार सुबह वायरल हुआ, जिसमें एक कुत्ता वार्ड के गेट के पास बेंच के नीचे मांस नोंचता हुआ दिखाई दे रहा है।
बताया जा रहा है कि घटना जच्चा-बच्चा वार्ड के पास की है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में मरीज और उनके परिजन मौजूद रहते हैं। वीडियो वायरल होने के बाद अस्पताल प्रशासन पर गंभीर सवाल उठे हैं। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने यह दृश्य मोबाइल में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो कुछ ही घंटों में प्रदेश मुख्यालय तक पहुंच गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की है। नागरिक अस्पताल की सीएमओ डॉ. सपना गहलावत ने खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि पीएमओ को जांच के आदेश दिए गए हैं और एक तीन सदस्यीय कमेटी गठित कर दी गई है, जो पूरे मामले की जांच करेगी।
डॉ. गहलावत ने कहा कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि अस्पताल का बायोमेडिकल वेस्ट एक निजी कंपनी के माध्यम से नष्ट किया जाता है, लेकिन प्रारंभिक जांच में वेस्ट निस्तारण में लापरवाही की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल, जांच जारी है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
