भिवानी के शकुंतला गार्डन में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का प्रसारण और स्वर्गीय ठाकुर बीर सिंह की 101वीं जयंती समारोह आयोजित किया जाएगा। इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
भाजपा नेता ठाकुर विक्रम सिंह ने बताया कि 26 अक्टूबर को शकुंतला गार्डन में आयोजित इस कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के बड़े नेता शिरकत करेंगे।
कार्यक्रम में शामिल होने वाले प्रमुख नेता होंगे —
- अरुण सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री
- सतीश पूनिया, प्रदेश प्रभारी
- मोहनलाल बडोली, प्रदेश अध्यक्ष
- वीरेंद्र कौशिक, भिवानी जिला अध्यक्ष
- धर्मबीर सिंह, सांसद
- अभिनेश महर्षि, राजस्थान भाजपा प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक
- घनश्याम सर्राफ, विधायक
- ठाकुर विक्रम सिंह, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष
ठाकुर बीर सिंह का योगदान

भाजपा नेता ठाकुर विक्रम सिंह ने स्वर्गीय ठाकुर बीर सिंह के राजनीतिक और सामाजिक योगदान को याद किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 1977 में ठाकुर बीर सिंह ने कांग्रेस के तत्कालीन मुख्यमंत्री बनारसीदास गुप्ता को हराकर जनता पार्टी की टिकट पर भिवानी से विधायक के रूप में जीत दर्ज की थी।
वह जनता पार्टी की सरकार में वित्त, राजस्व और सहकारिता मंत्री भी रहे।
राजस्व मंत्री रहते हुए उन्होंने जमाबंदी की नकल शाखा की बजाय तहसीलदार से बनवाने की नीति लागू की।
सहकारिता मंत्री के रूप में उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में सस्ते अनाज की दुकानें खुलवाईं और राज्य स्तर पर कान्फेड (CONFED) की स्थापना करवाई।
इस कार्यक्रम के दौरान ठाकुर बीर सिंह के आदर्शों और उनके योगदान को याद किया जाएगा, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का प्रसारण भी किया जाएगा।
