हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (DGP) ओपी सिंह का थार और बुलेट चलाने वालों पर दिया गया बयान अब प्रदेश की राजनीति में गरमाहट पैदा कर चुका है। इस बयान पर सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक बहस छिड़ गई है।
रविवार शाम को पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने अपने एक्स (Twitter) हैंडल पर पोस्ट शेयर करते हुए सीएम नायब सैनी को टैग किया और सवाल पूछा— “क्या आपने भी कभी थार या बुलेट चलाई है?”
इस पोस्ट में दुष्यंत चौटाला ने तीन तस्वीरें साझा कीं—
पहली में वह खुद बुलेट चला रहे हैं, दूसरी में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, और तीसरी में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी व बिहार के नेता तेजस्वी यादव एक SUV (थार जैसी गाड़ी) में बैठे दिखाई दे रहे हैं।

तस्वीरों के ऊपर दुष्यंत ने DGP ओपी सिंह का बयान लिखा—
“थार और बुलेट से बदमाश चलते हैं।”
और नीचे लिखा—
“DGP साहब! तो क्या ये भी?”
क्या कहा था DGP ओपी सिंह ने?
गुरुग्राम में शनिवार को दिए अपने बयान में DGP ओपी सिंह ने कहा था:
“पुलिस सारी गाड़ियां नहीं पकड़ेगी, सिर्फ थार और बुलेट वालों को पकड़ेगी। थार और बुलेट से सारे बदमाश चलते हैं। जिस तरह की गाड़ी का चॉइस है, वो माइंडसेट दिखाता है। थार लेंगे तो स्टंट करेंगे। जिसके पास थार है, उसका दिमाग घुमा हुआ है। थार गाड़ी नहीं, एक स्टेटमेंट है— हम ऐसे हैं।”
उन्होंने आगे कहा—
“हमारे एक एसीपी का बेटा था, उसने थार चढ़ा दी किसी पर। अब रिक्वेस्ट कर रहा है कि बेटे को छोड़ दो। मैंने पूछा थार किसके नाम है, बोला मेरे नाम। मैंने कहा तू ही बदमाश है।”
कौन हैं DGP ओपी सिंह?
- ओपी सिंह 1991 बैच के IPS अधिकारी हैं।
- मूलरूप से बिहार के जमुई जिले के नमून गांव के निवासी हैं।
- हरियाणा में उन्होंने ‘राहगीरी’ मूवमेंट शुरू किया, जिसे बाद में राज्य सरकार ने अपनाया।
- वर्तमान DGP के रूप में उन्हें 26 दिन पहले नियुक्त किया गया और वे 31 दिसंबर 2025 को रिटायर होने वाले हैं।
- ओपी सिंह दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के बहनोई हैं।
गैंगस्टरों पर सख्त रुख
DGP ओपी सिंह इससे पहले भी अपने तीखे बयानों के लिए चर्चा में रहे हैं। उन्होंने रोहतक में कहा था—
“विदेशों में बैठे गैंगस्टर सियार हैं। मां का दूध पिया है तो सामने आएं।”
उन्होंने कहा था कि अगर कोई गोली चलाता है तो पुलिस को जवाब देने की पूरी छूट है।
गैंगस्टर दलजीत सिसाय पर कार्रवाई
हरियाणा दिवस पर गैंगस्टर दलजीत पंघाल उर्फ सिसाय की सोशल मीडिया पोस्ट के बाद DGP ने कड़ा एक्शन लिया।
हांसी पुलिस ने गैंगस्टर के अकाउंट चलाने वाले युवक के खिलाफ FIR दर्ज की। अब Meta, X (Twitter) और Instagram को “गैंग कल्चर” को बढ़ावा देने वाले अकाउंट्स की जानकारी देने के लिए नोटिस भेजे गए हैं।
झज्जर जेल में बंद दलजीत को टॉयलेट सफाई का काम सौंपा गया है। उस पर 55 से अधिक केस दर्ज हैं।

