फरीदाबाद में जननायक जनता पार्टी (JJP) को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और लोकसभा प्रत्याशी रहे नलिन हुड्डा ने संगठन से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने कहा कि JJP अब जनता से जुड़ाव खो चुकी है और अपने मूल सिद्धांतों से भटक गई है।
फरीदाबाद में जननायक जनता पार्टी (JJP) को उस समय बड़ा संगठनात्मक झटका लगा जब पार्टी के वरिष्ठ नेता और लोकसभा चुनाव में फरीदाबाद सीट से प्रत्याशी रहे नलिन हुड्डा ने पार्टी छोड़ने की घोषणा कर दी। शनिवार को उन्होंने अपने समर्थकों के साथ पत्रकार वार्ता कर पार्टी से इस्तीफा देने की औपचारिक घोषणा की।
उन्होंने कहा कि JJP अब जनता से जुड़े मुद्दों को उठाने में पूरी तरह असफल हो चुकी है और अपने मूल सिद्धांतों से भटक गई है। नलिन हुड्डा ने बताया कि उन्होंने कई बार पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला से जनता की समस्याओं और संगठन की कमजोरियों को लेकर चर्चा की, लेकिन पार्टी की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
हुड्डा ने कहा, “JJP अब अपने सिद्धांतों से भटक चुकी है और जनता की आवाज बनने के बजाय राजनीतिक स्वार्थ में उलझ गई है। पार्टी में ऐसा कोई प्लेटफॉर्म नहीं बचा जहाँ हम अपनी बात रख सकें।”

उन्होंने यह भी कहा कि अब अगर पार्टी उन्हें मनाने की कोशिश भी करे, तो वे वापस नहीं लौटेंगे। नलिन हुड्डा ने बताया कि उन्होंने अपने समर्थकों और जिला कार्यकर्ताओं से चर्चा के बाद ही पार्टी छोड़ने का फैसला लिया।
इस मौके पर उनके साथ कई प्रमुख जिला पदाधिकारी और युवा नेता भी JJP से अलग हो गए। इनमें आदित्य चावला (बड़खल युवा अध्यक्ष), अरुण शर्मा (फरीदाबाद युवा अध्यक्ष), योगेश अधना (तिगांव हलका अध्यक्ष), बृजेश शर्मा (बल्लभगढ़ हलका अध्यक्ष), प्रकाश वीर चौधरी (पृथला विधानसभा अध्यक्ष), वरुण गुप्ता (युवा प्रधान महासचिव), पंकज शर्मा (मीडिया प्रभारी) और कई जिला महासचिव शामिल हैं।
