हरियाणा दिवस कार्यक्रम में पहुंचे राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि हरियाणा में कभी कास्ट वॉर (जातिगत संघर्ष) नहीं हुआ था, लेकिन हुड्डा ने अपने कार्यकाल में प्रदेश के भाईचारे को तोड़ने का काम किया।
जांगड़ा ने कहा—“भूपेंद्र हुड्डा ने मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठकर कहा था कि ‘मैं जाट पहले हूं, सीएम बाद में’। जो व्यक्ति राज्य की सर्वोच्च कुर्सी पर बैठकर समाज में जाति का ज़हर घोले, उसका परिणाम 2016 के आरक्षण आंदोलन में देखने को मिला, जिसमें 20 हजार करोड़ की संपत्ति जली।”
भाजपा सांसद ने कहा कि भाजपा ने उस टूटे हुए भाईचारे को दोबारा जोड़ने का काम किया है। उन्होंने चेतावनी दी कि “भूपेंद्र हुड्डा अपने गुनाहों का प्रायश्चित कर लें, वरना भगवान भी किसी को नहीं छोड़ता। सत्ता में आने का सपना छोड़ दें।”
इनेलो और अभय चौटाला पर भी वार

रामचंद्र जांगड़ा ने कहा कि इनेलो सरकार के वक्त किसानों को केवल 150 रुपए मुआवजा मिलता था। उन्होंने कहा—“मैं खुद देवीलाल जी के साथ रहा हूं। उस दौर में एक किसान को 50 रुपए मुआवजा पाने के लिए 500 रुपए का तेल बाइक में डालना पड़ता था।”
उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार ने पहली बार 13 हजार रुपए प्रति एकड़ मुआवजा देने का काम किया है। आज किसानों को 24 फसलों पर एमएसपी और जीरो प्रतिशत ब्याज पर लोन मिल रहा है।
जांगड़ा ने कहा—“अभय चौटाला भूल गए कि उनके वक्त जेलों में गुंडागर्दी और वसूली होती थी। भाजपा सरकार ने हरियाणा को दोबारा प्रगति की राह पर लाया है।”
