गुरुग्राम की राजनीति में बड़ा बदलाव — पूर्व चेयरमैन और कांग्रेस नेता कुलदीप कटारिया ने कांग्रेस छोड़कर इनेलो ज्वाइन की। अभय चौटाला ने पार्टी में शामिल कर किया स्वागत। साथ में कई कांग्रेस और जजपा नेता भी हुए शामिल।
गुरुग्राम की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व चेयरमैन कुलदीप कटारिया ने मंगलवार देर शाम इंडियन नेशनल लोक दल (इनेलो) का दामन थाम लिया।
इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला ने उन्हें पटका पहनाकर पार्टी में शामिल किया।
कटारिया के साथ सेवा सिंह सिंधु (पूर्व जिला सचिव, जजपा), अशोक कुमार, देवेश गंडास, रमेश सांगवान, शोकेश भारद्वाज, गौरव शर्मा, उम्मेद कटारिया, अमित कटारिया और प्रवीण कटारिया सहित कई स्थानीय नेता भी इनेलो में शामिल हुए।
कटारिया बोले — “कांग्रेस में गुटबाजी और अनदेखी से था तंग”
कटारिया ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में लंबे समय से गुटबाजी और अंदरूनी राजनीति के कारण उनकी उपेक्षा हो रही थी।
“मैं मेयर, जिलाध्यक्ष और विधायक टिकट का मजबूत दावेदार था, लेकिन हर बार अनदेखी की गई। कांग्रेस सरकार में चेयरमैन रह चुका हूं, फिर भी मुझे मौका नहीं मिला।”
अभय चौटाला ने किया स्वागत

अभय चौटाला ने कहा कि —
“कुलदीप कटारिया जैसे अनुभवी और जनाधार वाले नेता का इनेलो में आना पार्टी को और मजबूत करेगा। कांग्रेस अब कार्यकर्ता विरोधी नीतियों और गुटबाजी की वजह से टूट रही है।
कांग्रेस को हो सकता है बड़ा नुकसान
कटारिया के इनेलो में जाने से कांग्रेस को गुरुग्राम जिले के ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में नुकसान होने की आशंका है।
उनके साथ कई जजपा और कांग्रेस के पूर्व पदाधिकारी भी इनेलो में शामिल हुए हैं, जो स्थानीय निकाय चुनावों में प्रभावशाली माने जाते हैं।
इनेलो का दावा है कि आने वाले दिनों में और भी बड़े नेता पार्टी में शामिल हो सकते हैं।
