हरियाणा के पंचकूला में दो युवतियों के अचानक लापता होने से हड़कंप मच गया है। दोनों युवतियां 25 अक्टूबर की सुबह अपने-अपने काम पर गई थीं, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटीं। परिजनों ने जब उनकी तलाश की तो कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने दोनों मामलों में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहला मामला पंचकूला के सूरजपुर गांव का है। यहां रहने वाली एक महिला ने बताया कि उसके पति की आठ साल पहले मृत्यु हो चुकी है और वह अपनी पांच बेटियों के साथ रहती है। उसकी सबसे छोटी बेटी (19 वर्ष) पंचकूला के पारस अस्पताल में नौकरी करती थी। वह 25 अक्टूबर की सुबह अस्पताल गई थी और कहा था कि रात 8 बजे तक लौट आएगी, लेकिन अब तक घर नहीं पहुंची। परिजनों ने आसपास के इलाकों में खोजबीन की, पर कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने पिंजौर थाना पुलिस को शिकायत दी।

दूसरा मामला मद्रासी कॉलोनी, पंचकूला का है। यहां रहने वाली एक महिला ने बताया कि उसकी ननद (20 वर्ष) पिछले छह-सात महीनों से महेशपुर में रह रही थी और घरों में सफाई का काम करती थी। 25 अक्टूबर को वह रोजाना की तरह काम पर गई, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी कुछ पता नहीं चलने पर महिला ने सेक्टर-5 थाना पुलिस को शिकायत दी।
पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और टीमें गठित कर तलाश अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि दोनों युवतियों को जल्द ही ढूंढ लिया जाएगा।
