हिसार जिले के थाना बास क्षेत्र के सिंघवा गांव में नेशनल हाईवे पर स्थित एक मिल्क प्लांट में अज्ञात चोरों ने सेंधमारी कर हजारों रुपए का सामान चोरी कर लिया। यह वारदात 24 अक्टूबर की रात को हुई, जिसका खुलासा अगले दिन सुबह तब हुआ जब प्लांट मालिक सुमित ने ताले टूटे देखे।
पीड़ित सुमित ने पुलिस को बताया कि चोर मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे और इन्वर्टर की बैटरी, कुछ लोहे का सामान तथा करीब 10 सिल्वर के दूध के ड्रम चोरी कर ले गए। सभी ड्रमों पर प्लांट का मार्का अंकित था। चोरी हुए सामान की कुल कीमत लगभग 80 हजार रुपए आंकी गई है, जिसमें ड्रमों की कीमत 50 हजार, बैटरी 15 हजार और लोहे के सामान की कीमत 15 हजार रुपए बताई जा रही है।
घटना की सूचना पर थाना बास पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।


सुमित की शिकायत पर थाना बास पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 और 331(4) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस को शक है कि यह वारदात किसी स्थानीय गिरोह द्वारा की गई हो सकती है, जो हाल की अन्य चोरियों में भी शामिल रहा है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
