हिसार: हांसी-दिल्ली नेशनल हाईवे पर शनिवार रात यातायात अव्यवस्थित हो गया जब खरड़ रोड फ्लाईओवर के नजदीक एक ट्रक बीच सड़क पर अटक गया। ट्रक का एक्सल टूटने के कारण वाहन बिल्कुल दीवार की तरह सड़क के बीचोंबीच खड़ा रह गया, जिससे एक तरफ का ट्रैफिक पूरी तरह जाम हो गया।
हादसे के चलते हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
ड्राइवर रास्ता भूल गया, तभी हुआ हादसा
राजस्थान के कोटपूतली निवासी ड्राइवर विक्रम ने बताया कि वह हिसार से माल लोड कर अटेली जा रहा था। रास्ता भूल जाने के कारण उसने हाईवे पर ट्रक मोड़ने की कोशिश की, तभी अचानक एक्सल टूट गया और ट्रक बीच सड़क में फंस गया।

टोल कर्मचारियों ने संभाली स्थिति
घटना की सूचना मिलते ही टोल कर्मचारियों और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। ट्रक के बीच में फंसे रहने के कारण ट्रैफिक को वन-वे कर दिया गया, जिससे कुछ समय तक वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वन-वे ट्रैफिक के चलते दुर्घटना की आशंका भी बनी रही।
डेढ़ घंटे बाद हटा ट्रक, बहाल हुआ यातायात
ट्रक शाम करीब 7:30 बजे फंस गया था, जिसे लगभग 9 बजे क्रेन की मदद से हटाया गया। इसके बाद हाईवे पर यातायात सामान्य हो गया और वाहनों की आवाजाही सुचारू रूप से शुरू हो गई।
सीएम रैली से पहले सतर्क हुई पुलिस
सूत्रों के अनुसार, शनिवार को हिसार में मुख्यमंत्री की रैली आयोजित थी, जिसके चलते वीआईपी मूवमेंट की संभावना थी। इस कारण पुलिस और प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए ट्रैफिक को तुरंत बहाल कराया, ताकि रैली के दौरान किसी प्रकार की बाधा न आए।
