सोनीपत जिले में एक किसान से सेना में नौकरी दिलाने और शेयर मार्केट निवेश का झांसा देकर करीब दो करोड़ रुपए हड़पने का मामला सामने आया। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सोनीपत, हरियाणा – जिले के गांव पांची जट्टान में एक किसान पवन सिंह के साथ बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपी सुनील ने खुद को आर्मी कर्मी बताते हुए किसान से फर्जी दस्तावेज तैयार करवाए और सेना में नौकरी दिलाने तथा शेयर मार्केट में निवेश करवाने का झांसा देकर लगभग 2 करोड़ रुपए हड़प लिए।
किसान पवन सिंह ने बताया कि खेती-बाड़ी से गुजारा न चलने के कारण उन्होंने सितंबर 2024 में अपनी जमीन बेच दी थी। इसके बाद गांव भठगांव के रहने वाले सुनील से संपर्क हुआ, जिसने खुद को सेना में कार्यरत बताया। सुनील और उसके परिवारजन – पिता कृष्ण, माता राजपति और पत्नी ज्योति – ने पवन को भरोसे में लेकर 23 अक्टूबर 2024 को 9 लाख रुपए RTGS के माध्यम से जमा करवाए।

कुछ दिन बाद और 12 लाख रुपए नकद देकर पवन ने दस्तावेज तैयार करवाए। आरोपियों ने नकली 10वीं और 12वीं की मार्कशीटें भी सौंपकर विश्वास हासिल किया। इसके बाद सुनील ने पवन को शेयर मार्केट में निवेश के लिए लुभाया और विभिन्न ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 2 करोड़ रुपए हड़प लिए।
दिसंबर 2024 में सुनील अपने लाइसेंसी पाइप गन और 50 राउंड लेकर पवन के घर पहुंचा, जिससे पवन का भरोसा और बढ़ गया। मार्च 2025 में वही बंदूक और 30 राउंड लेकर वापस आया और उसके बाद आरोपी फरार हो गए।
पुलिस ने पवन सिंह की शिकायत पर सुनील, ज्योति, कृष्ण और राजपति के खिलाफ धारा 316(2), 318(4), 61(2) BNS के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एएसआई नरेश जांच के प्रभारी हैं और केस की निगरानी एसआई रमेश कर रहे हैं।
पुलिस आरोपियों की तलाश में विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पीड़ित किसान और परिवार दो करोड़ रुपए की ठगी के बाद गहरे सदमे में हैं और न्याय की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
