हरियाणा के पंचकूला जिले में एक युवक को न्यूजीलैंड का वर्क परमिट दिलाने के नाम पर ठगी का शिकार बनाया गया। पंजाब के एक एजेंट ने युवक से 9 लाख रुपए हड़प लिए। मामले की शिकायत पर चंडीमंदिर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, हालांकि अभी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
भगवानपुर गांव निवासी मनप्रीत ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह विदेश जाकर काम करना चाहता था। इसी दौरान जून 2023 में उसके पास मनदीप ढींडसा नाम के व्यक्ति का फोन आया। उसने कहा कि “मुझे पता चला है आप विदेश जाना चाहते हो, मैं आपको सही तरीके से न्यूजीलैंड भेज सकता हूं।”
मनप्रीत ने बताया कि मनदीप ढींडसा उसके घर आया और बोला कि वह 30 लाख रुपए में न्यूजीलैंड में जॉब दिला देगा। जब मनप्रीत ने हामी भरी तो एजेंट ने उसके डॉक्यूमेंट ले लिए और फाइल फीस के नाम पर 2 लाख रुपए मांगे। कुछ समय बाद उसने 3 लाख रुपए नगद अपने घर बुलाकर ले लिए।

इसके बाद आरोपी ने फाइल तैयार होने के बाद साइन करवाने के बहाने 4 लाख रुपए और मांगे, जो मनप्रीत ने अपने आढ़ती से पैसे लेकर दिए।
पंचकूला में न्यूजीलैंड वर्क परमिट दिलाने के नाम पर ठगी, एजेंट ने युवक से 9 लाख रुपए हड़पे
फर्जी ऑफर लेटर दिखाया
मनदीप ढींडसा ने उसे एक फर्जी ऑफर लेटर दिखाया और कहा कि “तुम्हारी न्यूजीलैंड में नौकरी लग गई है, अब जाने की तैयारी करो।” इसके बाद उसने 3 लाख रुपए और मांगे। मनप्रीत ने 2 लाख रुपए खाते में ट्रांसफर किए और एक लाख रुपए गूगल पे से भेजे।
कुछ समय बाद आरोपी ने फोन पर कहा कि “अब तुम्हारा काम नहीं हो सकता।” इसके बाद उसने एक लाख रुपए लौटाए और कुछ के चेक दिए, लेकिन जब मनप्रीत ने उन्हें बैंक में लगाया तो चेक बाउंस हो गए।
अब आरोपी ने पीड़ित की कॉल उठाना भी बंद कर दिया है। पुलिस ने धोखाधड़ी के इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और आरोपी एजेंट की तलाश में छापेमारी जारी है।
