रोहतक: ASI संदीप लाठर सु*साइड केस में CCTV फुटेज आया सामने, जांच में
रोहतक में साइबर सेल के ASI संदीप लाठर सु*साइड केस में CCTV फुटेज सामने आया है। फुटेज में लाठर अकेले स्कूटी पर गांव लाढोत की तरफ जाते दिख रहे हैं। SIT जांच में उकसाने की आशंका पर भी सवाल उठ रहे हैं। परिवार ने सुप्रीम कोर्ट जज से निष्पक्ष जांच की मांग की है।
रोहतक में साइबर सेल के एएसआई संदीप लाठर सु*साइड केस में एक नया सबूत सामने आया है। 14 अक्टूबर की सुबह का एक सीसीटीवी फुटेज मिला है, जिसमें संदीप लाठर स्कूटी पर अकेले गांव लाढोत की तरफ जाते दिख रहे हैं। इसी दिन उन्होंने खेतों में बने कोठड़े में खुद को गोली मार ली थी।
SIT जांच में उठा नया सवाल
मामले की जांच कर रही स्पेशल इनवेस्टिगेशन टीम (SIT) अब इस पहलू पर भी जांच कर रही है कि क्या किसी ने एएसआई संदीप को आत्महत्या के लिए उकसाया था।
खेतों में काम करने वाले प्रवासी मजदूर ने भी बताया था कि उसने संदीप को अकेले कोठड़े की तरफ जाते देखा था।
घटना का क्रम
14 अक्टूबर की दोपहर करीब 1 बजे, एएसआई संदीप लाठर ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से गोली मारकर जान दे दी थी।
मरने से पहले उन्होंने एक वीडियो रिकॉर्ड किया और 4 पेज का सुसाइड नोट छोड़ा था, जिसमें उन्होंने आईपीएस वाई पूरन कुमार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए थे।
पुलिस ने इस मामले में 4 लोगों को नामजद करते हुए केस दर्ज किया है।
CCTV फुटेज में क्या दिखा

14 अक्टूबर की सुबह 11:44 बजे के सीसीटीवी फुटेज में संदीप लाठर अपने मामा के बेटे संजय देशवाल के ऑफिस से निकलते और स्कूटी पर अकेले गांव की तरफ जाते नजर आ रहे हैं। इसके बाद वह खेतों की ओर बढ़ते दिखते हैं, जहां बाद में घटना हुई।
संजय देशवाल का बयान
संदीप के ममेरे भाई संजय देशवाल ने कहा कि —
“मामले को जातीय रंग देने का प्रयास नहीं होना चाहिए। हमने राजनीति नहीं, न्याय की मांग की है। संदीप ने भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाई थी। कुछ लोग गलत बातें फैला रहे हैं, लेकिन हमें सिर्फ सच्चाई चाहिए।”
उन्होंने मांग की कि आईपीएस वाई पूरन कुमार और संदीप लाठर दोनों की संपत्ति की जांच होनी चाहिए।
संजय ने कहा —
“संदीप का परिवार आज भी 80 गज के मकान में रहता है, जबकि बाकी अफसर बड़ी कोठियों में हैं। निष्पक्ष जांच के लिए दोनों मामलों की एक संयुक्त कमेटी बनाई जाए।”
घटनास्थल पर नहीं मिली गोली
संजय देशवाल ने बताया कि पुलिस को घटनास्थल से गोली नहीं मिली। हालांकि पेड़ पर गोली लगने का निशान जरूर मिला है। SIT की टीम ने मौके का दोबारा निरीक्षण किया है।
तेरहवीं और श्रद्धांजलि सभा
संदीप लाठर की तेरहवीं और श्रद्धांजलि सभा जुलाना के गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित की गई। सभा में कई नेता और पुलिस अधिकारी शामिल हुए।
पृष्ठभूमि – IPS पूरन कुमार केस से जुड़ा एंगल
- 6 अक्टूबर: एक शराब कारोबारी की शिकायत पर आईपीएस वाई पूरन कुमार के गनमैन सुशील कुमार के खिलाफ एफआईआर हुई, जिसमें संदीप भी शामिल टीम में थे।
- 7 अक्टूबर: आईपीएस पूरन कुमार ने चंडीगढ़ में सुसाइड किया। उन्होंने 8 पेज के नोट में 15 अफसरों के नाम लिखे थे।
- 11 अक्टूबर: SIT ने संदीप लाठर से पूछताछ की।
- 14 अक्टूबर: संदीप ने खुद को गोली मार ली।
संजय देशवाल ने कहा कि इन दोनों केसों की संयुक्त जांच सुप्रीम कोर्ट के जज की निगरानी में होनी चाहिए ताकि दोनों परिवारों को न्याय मिल सके।
