रोहतक की फतेहपुर कॉलोनी में गुरुवार देर रात आपसी रंजिश के चलते दो युवकों की हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों के बीच कुछ समय से विवाद चल रहा था, जिसकी रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया। इसमें एक युवक को गोली मार दी गई, जबकि दूसरे का गला काटकर हत्या कर दी गई। सूचना पाकर ओल्ड सब्जी मंडी थाना पुलिस व डीएसपी दलिप सिंह मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
मृतकों की पहचान 21 वर्षीय सुमित पुत्र विक्की और मनीष पुत्र भूप सिंह, दोनों निवासी फतेहपुर कॉलोनी के रूप में हुई। दोनों अपने कुछ दोस्तों के साथ बैठे थे, तभी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसी दौरान एक युवक ने गोली चला दी, जो सुमित की छाती में लगी। गंभीर रूप से घायल सुमित ने PGI पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया।

इसके बाद गुस्से में आकर सुमित के परिजनों ने मनीष पर फरसा और कुल्हाड़ी से हमला कर उसका गला काट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
एफएसएल एक्सपर्ट डॉ. सरोज दहिया को घटनास्थल पर बुलाया गया और साक्ष्य एकत्रित किए गए।
पुलिस के अनुसार, मनीष नगर निगम में गाड़ी चलाने का काम करता था और उसका झगड़ा कुछ युवकों से चल रहा था। रंजिश के चलते दोनों की जान चली गई।
डीएसपी दलीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
