हिसार जिले के धांसू गांव स्थित गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल की प्रतिभाशाली छात्रा ईशाना ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
ईशाना का चयन हरियाणा अंडर-19 महिला क्रिकेट टी-20 टीम में हुआ है। वह आगामी 26 अक्टूबर से उड़ीसा के कटक में आयोजित होने वाली टी-20 क्रिकेट स्पर्धा में हरियाणा राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगी।
ईशाना वर्तमान में कक्षा 11 (आर्ट्स) की छात्रा हैं। बचपन से ही क्रिकेट के प्रति उनका गहरा जुनून रहा है। वह टीम की ओपनिंग बल्लेबाज होने के साथ-साथ बाएं हाथ की स्पिन गेंदबाज भी हैं। अपने हरफनमौला प्रदर्शन के दम पर उन्होंने चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया और प्रदेश टीम में जगह बनाई।

विद्यालय के प्रिंसिपल मोहनलाल बेनीवाल ने बताया कि ईशाना ने क्रिकेट की बुनियादी शिक्षा हिसार स्थित एक क्रिकेट अकादमी में प्राप्त की, जहां उसने नियमित अभ्यास से अपनी तकनीक को निखारा। उन्होंने कहा कि ईशाना एक साधारण परिवार से हैं, लेकिन अपने परिश्रम, लगन और आत्मविश्वास के बल पर इस मुकाम तक पहुंची हैं।
प्राचार्य ने कहा, “ईशाना हमारे विद्यालय ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है। हमें उम्मीद है कि वह राज्य टीम के लिए शानदार प्रदर्शन करेंगी और विद्यालय व जिले का नाम ऊंचा करेंगी।”
विद्यालय में छात्रा के चयन की खबर मिलते ही खुशी का माहौल बन गया। शिक्षकों और सहपाठियों ने ईशाना को शुभकामनाएं दीं और राष्ट्रीय स्तर पर खेलने की कामना की।
ईशाना ने कहा कि उनका सपना है कि एक दिन वह भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए खेलें, और इसके लिए वह निरंतर मेहनत करती रहेंगी।
