हरियाणा के रोहतक जिले के ब्लॉक सांपला में 19 अक्टूबर की देर रात को आपसी कहासुनी के दौरान एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया। यहां एक व्यक्ति ने अपने चचेरे भाई का गला तेजधार हथियार से रेतकर ह*त्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
मृतक की पहचान 39 वर्षीय प्रदीप उर्फ बिट्टू निवासी सांपला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रदीप रात को अपने ताऊ के बेटे पवन से मिलने गया था। वहीं दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया, जिसके बाद पवन ने प्रदीप पर हमला कर दिया।
मृतक के भाई संदीप ने बताई घटना की पूरी कहानी:

- रात को फोन कर मिलने बुलाया:
संदीप ने बताया कि रात करीब 9 बजे पवन ने प्रदीप को फोन करके मिलने बुलाया था। इसके बाद प्रदीप घर से निकल गया। - JCB ड्राइवर ने दी सूचना:
थोड़ी देर बाद जेसीबी ड्राइवर अनीत उर्फ आदित्य ने फोन कर बताया कि पवन ने कहासुनी के बाद प्रदीप का गला काट दिया है। - अस्पताल ले गए तो डॉक्टरों ने मृत घोषित किया:
परिजन मौके पर पहुंचे और प्रदीप को अस्पताल लेकर गए। पहले एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, फिर दूसरे अस्पताल में डॉक्टरों ने प्रदीप को मृत घोषित कर दिया। - ढाई महीने पहले ही पिता बना था प्रदीप:
परिवार के लिए यह बेहद दुखद क्षण है, क्योंकि प्रदीप ढाई महीने पहले ही पिता बना था। बेटे के जन्म के बाद यह उसकी पहली दिवाली थी, लेकिन छोटी दिवाली की रात ही खुशियों पर मातम छा गया।
SHO बोले — आरोपी की तलाश में लगातार दबिश
सांपला थाना SHO बिजेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं और जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा।
