Tuesday, March 31, 2026
Homeअपराधभिवानी: शिक्षिका मनीषा मौत केस में सीबीआई की जांच जारी, दीपावली के...

भिवानी: शिक्षिका मनीषा मौत केस में सीबीआई की जांच जारी, दीपावली के बाद भी टीम भिवानी में डटी रही

भिवानी: गांव ढाणी लक्ष्मण निवासी 19 वर्षीय शिक्षिका मनीषा मौत मामले में सीबीआई की जांच लगातार जारी है। सीबीआई की टीम पिछले करीब 47 दिनों से भिवानी में जांच में जुटी हुई है। दीपावली के मौके पर भी टीम के कुछ अधिकारी वहीं मौजूद हैं और जांच को आगे बढ़ा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, 6 अक्टूबर को सीबीआई की पांच सदस्यीय टीम दोबारा दिल्ली से भिवानी पहुंची थी। इनमें से दो कर्मचारी — ड्राइवर और महिला अधिकारी — दीपावली पर दिल्ली लौट गए हैं, जबकि तीन सीनियर अधिकारी अभी भी भिवानी में डटे हुए हैं और जांच को अपने स्तर पर जारी रखे हुए हैं।

मनीषा के पिता संजय कुमार ने बताया कि सीबीआई की टीम मामले की गहनता से जांच कर रही है। टीम अब तक दो बार उनके घर पर आ चुकी है और परिवार के सदस्यों से विस्तृत पूछताछ की है। इसके अलावा, जिस किड्स प्ले स्कूल में मनीषा पढ़ाती थी, वहां के स्टाफ से भी सीबीआई ने पूछताछ की है। टीम ने स्टाफ को रेस्ट हाउस में बुलाकर बयान दर्ज किए।

टीम ने एक बार मनीषा के गांव ढाणी लक्ष्मण, साथ ही ढिगावा मंडी और भुगला गांवों में जाकर भी जांच-पड़ताल की।
बता दें कि सीबीआई की टीम पहली बार 3 सितंबर को भिवानी पहुंची थी, और करीब 23 दिनों तक वहीं रही। इस दौरान उन्होंने परिवार, स्कूल स्टाफ, नर्सिंग कॉलेज स्टाफ, चश्मदीदों, खेत मालिकों, जांच अधिकारियों और दवा विक्रेताओं से पूछताछ की।

इसके अलावा, टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दिल्ली से एफएसएल टीम बुलाकर साक्ष्य जुटाए। जांच पूरी करने के बाद सीबीआई टीम दिल्ली लौट गई थी, लेकिन 6 अक्टूबर को टीम दोबारा भिवानी लौटी और जांच को फिर से शुरू किया।
अब उम्मीद जताई जा रही है कि मनीषा मौत मामले में जल्द बड़ा खुलासा हो सकता है।

Sonu Baali
Sonu Baalihttp://khasharyananews.com
संस्थापक, खास हरियाणा न्यूज़- हरियाणा की ज़मीन से जुड़ा एक निष्पक्ष और ज़मीनी पत्रकार। पिछले 6+ वर्षों से जनता की आवाज़ को बिना किसी एजेंडे के सामने लाने का प्रयास कर रहे हैं। देसी अंदाज़ और सच्ची पत्रकारिता में विश्वास रखते हैं। 🌐 khasharyana.com
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments