हरियाणा में दिवाली से पहले बिगड़ने लगी हवा की गुणवत्ता, NCR में लागू हुआ GRAP-1
हरियाणा में दिवाली से पहले वायु प्रदूषण का स्तर फिर से बढ़ने लगा है। खासकर NCR क्षेत्र के शहरों में स्मॉग की हल्की परत सुबह के समय साफ दिखाई दे रही है। शनिवार को गुरुग्राम के सेक्टर-51 में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 500 तक पहुंच गया, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है। हालांकि पूरे जिले का औसत AQI 258 रहा।

गुरुग्राम इस समय हरियाणा के सबसे प्रदूषित शहरों में शामिल है। इसके अलावा बहादुरगढ़ और नारनौल में भी वायु गुणवत्ता ‘खराब’ दर्ज की गई है।
हरियाणा में बढ़ रही है ठंड, लेकिन दिन में हल्की गर्मी
उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण हरियाणा में रात के तापमान में लगातार गिरावट आ रही है। सुबह के समय ठंडक महसूस की जा रही है। शनिवार को नारनौल में न्यूनतम तापमान 16.0°C दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा। हिसार में 17.7°C और गुरुग्राम में 16.3°C तापमान रिकॉर्ड किया गया। राज्य के 7 शहरों में तापमान 18 डिग्री से नीचे रहा।
मौसम रहेगा सूखा, दिन में हल्की बढ़ोतरी की संभावना
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के प्रमुख डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, 22 अक्टूबर तक राज्य में मौसम आमतौर पर सूखा रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 30 से 32°C और न्यूनतम तापमान 15 से 18°C के बीच बना रहेगा।
शनिवार को नूंह जिला राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा जहां तापमान 34°C के पार चला गया।
NCR में GRAP चरण-1 लागू
दिल्ली-NCR क्षेत्र में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) का पहला चरण लागू कर दिया गया है। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) द्वारा जारी आदेश में प्रदूषण फैलाने वाले स्रोतों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
GRAP चरण-1 के तहत लागू नियम:
- खुले में कचरा जलाने पर रोक
- सड़कों पर पानी का छिड़काव
- धूल नियंत्रण उपाय
- वाहनों की नियमित जांच
हालांकि GRAP लागू हुए 4 दिन हो चुके हैं, लेकिन प्रदूषण का स्तर अभी भी नियंत्रित नहीं हो पाया है।
