Wednesday, April 1, 2026
Homeजिला न्यूज़रोहतकरोहतक के 152D फ्लाईओवर पर दर्दनाक हादसा: खड़े ट्रक में घुसी कार,...

रोहतक के 152D फ्लाईओवर पर दर्दनाक हादसा: खड़े ट्रक में घुसी कार, मां की डेड बॉडी लेकर लौट रहे तीन लोगों की मौत

हरियाणा के रोहतक में 152D फ्लाईओवर पर शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ। खड़े ट्रक में पीछे से कार घुस गई, जिसमें मां की डेड बॉडी लेकर लौट रहे तीन लोगों की मौत हो गई और एक युवक गंभीर रूप से घायल है। हादसे का कारण नींद की झपकी बताया जा रहा है।

रोहतक: हरियाणा के रोहतक जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। 152D फ्लाईओवर पर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से कार जा घुसी। हादसे में एक महिला सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बड़ी मशक्कत के बाद शवों को कार से बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। घायल युवक को भर्ती कर लिया गया है, जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

मृतकों की पहचान

मृतकों की पहचान 24 वर्षीय कीरत पुत्र सुरेंद्र निवासी गांव भागखेड़ा जिला जींद, 61 वर्षीय कृष्णा पत्नी रामधन निवासी भागखेड़ा, और 27 वर्षीय सचिन पुत्र दलबीर निवासी गांव जागसी जिला सोनीपत के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक, किरत की मां जोगेंद्रा, जो राजस्थान पुलिस में कार्यरत थीं, की अचानक मृत्यु हो गई थी। परिवार को यह खबर मिलते ही वे जयपुर डेड बॉडी लेने गए थे और उसे लेकर वापस लौट रहे थे।

हादसे के वक्त क्या हुआ

हादसे के समय मृतक सचिन, जो जयपुर पुलिस में तैनात था, कार चला रहा था। चारों लोग महिंद्रा XUV300 में सवार थे और डेड बॉडी एम्बुलेंस में उनके आगे चल रही थी।
जब उनकी कार 152D फ्लाईओवर पर पहुंची, तो सड़क किनारे खड़ा एक ट्रक नजर नहीं आया और कार तेज रफ्तार में ट्रक के पीछे जा घुसी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चौथा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

क्रेन से निकाली गई कार

पुलिस के मुताबिक, गाड़ी का अगला हिस्सा ट्रक के नीचे आधा घुस गया था। क्रेन की मदद से कार को खींचकर बाहर निकाला गया। शव कार के अंदर बुरी तरह फंसे हुए थे, जिन्हें दरवाजे और शीशे काटकर बाहर निकाला गया।

नींद की झपकी बना हादसे का कारण

पुलिस जांच में यह सामने आया कि हादसे की वजह नींद की झपकी हो सकती है। जयपुर से देर रात रवाना होने के कारण ड्राइवर थका हुआ था और रफ्तार भी तेज थी। इसी कारण खड़े ट्रक को देख नहीं पाया और कार ट्रक में जा घुसी।

महम थाना एसएचओ सुभाष सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है।

Sonu Baali
Sonu Baalihttp://khasharyananews.com
संस्थापक, खास हरियाणा न्यूज़- हरियाणा की ज़मीन से जुड़ा एक निष्पक्ष और ज़मीनी पत्रकार। पिछले 6+ वर्षों से जनता की आवाज़ को बिना किसी एजेंडे के सामने लाने का प्रयास कर रहे हैं। देसी अंदाज़ और सच्ची पत्रकारिता में विश्वास रखते हैं। 🌐 khasharyana.com
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments