सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक शख्स बिल्कुल कुत्ते की तरह दिखाई दे रहा है। वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि जापान के एक व्यक्ति ने खुद को कुत्ता बनाने के लिए करीब ₹220 करोड़ रुपये खर्च कर दिए। वीडियो देखने के बाद लोग भी हैरान हैं कि आखिर कोई इंसान कुत्ते जैसा दिखने के लिए इतनी बड़ी रकम कैसे खर्च कर सकता है। हालांकि, वायरल हो रहे इस दावे की सच्चाई कुछ और ही है।
दरअसल, जिस व्यक्ति का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, उसका नाम टोको (Toco) बताया जाता है और वह जापान के रहने वाले हैं। टोको को बचपन से ही कुत्तों से काफी लगाव था। उन्हें कुत्तों जैसी जिंदगी जीने और कुत्ते के रूप में समय बिताने का शौक था। जैसे-जैसे वह बड़े हुए, उनका यह शौक और गहरा होता गया।

टोको ने अपने इस अनोखे शौक को पूरा करने के लिए जापान की एक कंपनी जेपेट (Zeppet) से संपर्क किया। यह कंपनी फिल्मों, विज्ञापनों और मनोरंजन के लिए इंसानों को जानवरों जैसा दिखाने वाले खास कॉस्ट्यूम तैयार करने के लिए जानी जाती है।
टोको ने कंपनी से कहा कि वह बिल्कुल कुत्ते जैसा दिखने वाला कॉस्ट्यूम बनवाना चाहते हैं। जब उनसे पूछा गया कि वह किस नस्ल के कुत्ते जैसा दिखना चाहते हैं, तो उन्होंने रफ कोली (Rough Collie) को चुना। इसके बाद कंपनी ने उनके लिए बेहद खास और वास्तविक कुत्ते जैसा दिखाई देने वाला कॉस्ट्यूम तैयार किया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस कॉस्ट्यूम को तैयार करने में करीब 40 दिन का समय लगा। इसे इस तरह डिजाइन किया गया था कि इसे पहनने के बाद टोको का इंसानी शरीर काफी हद तक छिप जाए और वह देखने में बिल्कुल रफ कोली नस्ल के कुत्ते जैसे नजर आएं। इस पूरे कॉस्ट्यूम पर टोको ने करीब 20 से 22 लाख रुपये खर्च किए थे।
कॉस्ट्यूम तैयार होने के बाद टोको ने इसे पहनकर कई वीडियो भी बनाए। वह कभी घर के अंदर कुत्ते की तरह नजर आते हैं तो कभी पार्क में जाकर लोगों के साथ कुत्ते की तरह व्यवहार करते दिखाई देते हैं। कई वीडियो में वह दूसरे लोगों से हाथ मिलाते हुए भी दिखाई देते हैं, जबकि उन्होंने पूरा डॉग कॉस्ट्यूम पहना हुआ है।
टोको ने अपने इस अनोखे अनुभव से जुड़े वीडियो अपने YouTube चैनल “I Want To Be An Animal” पर भी शेयर किए थे। इनमें से कई वीडियो साल 2022 के आसपास सामने आए थे। हालांकि, इन पुराने वीडियो को जुलाई 2026 में सोशल मीडिया पर दोबारा बड़े स्तर पर शेयर किया गया और इसके साथ यह दावा तेजी से फैल गया कि टोको ने ₹220 करोड़ खर्च करके खुद को कुत्ता बना लिया है।
लेकिन असलियत यह है कि टोको ने ₹220 करोड़ नहीं, बल्कि करीब ₹20 से ₹22 लाख रुपये खर्च करके एक खास डॉग कॉस्ट्यूम तैयार करवाया था। वह कोई स्थायी रूप से कुत्ते में तब्दील नहीं हुए हैं, बल्कि कॉस्ट्यूम पहनकर कुत्ते जैसा रूप धारण करते हैं।
टोको का यह अनोखा शौक सोशल मीडिया पर लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। कुछ लोग इसे उनकी पसंद और जुनून मान रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे बेहद अजीब शौक बता रहे हैं। हालांकि, टोको के लिए यह सिर्फ एक कॉस्ट्यूम नहीं बल्कि बचपन से देखे गए अपने एक अनोखे सपने को पूरा करने का तरीका है।
