हरियाणा में गैंगवार और अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क की गूंज एक बार फिर तेज हो गई है। पाकिस्तान के कुख्यात डॉन शहजाद भट्टी ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को खुली हत्या की धमकी देते हुए दावा किया है कि सिरसा के महिला थाने में हुए ब्लास्ट के पीछे उसी का हाथ है। भट्टी ने एक ऑडियो संदेश जारी कर यह धमकी दी है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल है।
भट्टी का दावा—”भारत से कोई दुश्मनी नहीं, सिर्फ लॉरेंस से हिसाब”
शहजाद भट्टी ने अपने संदेश में साफ कहा कि उसका भारत या भारतीयों से कोई विवाद नहीं है। उसका निशाना सिर्फ लॉरेंस बिश्नोई है।
भट्टी ने कहा—
“मेरा भारत, भारत सरकार या भारतीय एजेंसियों से कोई मसला नहीं है। मेरे मुद्दे सिर्फ लॉरेंस बिश्नोई के साथ हैं, जिसने पाकिस्तान में दहशत फैलाने के लिए हवाला के जरिए पैसे भेजे।”
भट्टी ने धमकी देते हुए कहा कि जिस दिन लॉरेंस उसकी “दाढ़ के नीचे” आएगा, वह उसे मार देगा।
सिरसा महिला थाने ब्लास्ट को बताया “ट्रेलर”
27-28 नवंबर 2025 को हरियाणा के सिरसा महिला थाने में विस्फोटक फेंककर ब्लास्ट किया गया था। घटना के बाद पुलिस ने 5 संदिग्धों को हिरासत में लिया था।
अब शहजाद भट्टी ने इस धमाके की जिम्मेदारी लेते हुए कहा—
“ये तो सिर्फ छोटा ट्रेलर था। अगर दोबारा पाकिस्तान की तरफ बुरी नजर डाली तो और बड़ा जवाब मिलेगा।”
उसने दावा किया कि ब्लास्ट सिर्फ लॉरेंस को चेतावनी देने के लिए करवाया गया था।
“लॉरेंस गैंगस्टर नहीं, पाकिस्तान पर बुरी नजर रखी”
भट्टी ने अपने बयान में कहा—
“लॉरेंस अपने आप को गैंगस्टर समझता है, लेकिन वो कुछ नहीं है। उसने पाकिस्तान पर बुरी नजर रखी और आतंक फैलाने के लिए हमारे मुल्क में पैसे भेजे।”

भट्टी का आरोप है कि लॉरेंस हवाला के जरिए पाकिस्तान में नेटवर्क बनाने की कोशिश कर रहा था, जिसे उसने रोक दिया।
FBI को भारत की जानकारी देने का आरोप
शहजाद भट्टी ने लॉरेंस पर एक बड़ा आरोप लगाया कि उसने अपने भाई अनमोल बिश्नोई को बचाने के लिए भारत की गोपनीय जानकारी FBI को दी।
भट्टी ने कहा—
“लॉरेंस भारत का गद्दार है। उसने अपने भाई के ग्रीन कार्ड के लिए एफबीआई को भारतीय एजेंसियों से जुड़ी जानकारियां दीं। उसी एफबीआई ने बाद में उसके भाई को वापस भेज दिया।”
भट्टी ने भारतीय एजेंसियों पर भी तंज कसते हुए कहा कि वे “सांप” पाल रही हैं।
“लॉरेंस को आज या कल मार दूंगा”
भट्टी का बयान बेहद आक्रामक है। उसने कहा—
“लॉरेंस ने अपने दोस्तों से गद्दारी की है। ऐसे गद्दार को दुनिया में रहने का कोई हक नहीं। आज नहीं तो कल मैं उसे मारूंगा।”
उसने यहां तक कहा कि यदि भारत लॉरेंस को उसे सौंप दे, तो वह उसे खुद खत्म कर देगा।
गैंगवार का बढ़ता साया
लॉरेंस बिश्नोई पहले से ही कई राज्यों की पुलिस के रडार पर है। उस पर खालिस्तान समर्थक और अंतरराष्ट्रीय गैंगस्टर्स से संबंध के आरोप भी लग चुके हैं।
लेकिन पहली बार किसी पाकिस्तानी डॉन ने खुले तौर पर उसे मारने की धमकी दी है।
सिरसा ब्लास्ट के बाद हरियाणा पुलिस पहले ही सतर्क है। अब भट्टी के इस नए ऑडियो ने मामले को और अधिक संवेदनशील बना दिया है।
