कैथल में एक युवक को विदेश भेजने के नाम पर 70 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। अमेरिका भेजने और वहां नागरिकता दिलाने का सपना दिखाकर दो लोगों ने युवक से भारी भरकम रकम वसूल ली। पैसे मिलते ही आरोपी किसी प्रकार की प्रक्रिया शुरू करने के बजाय रुपये लेकर भाग गए और बाद में रकम मांगने पर युवक को धमकियां देने लगे। पीड़ित युवक ने सिविल लाइन थाना पुलिस में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अमेरिका जाने के सपने में फंसा युवक
गांव सांघन निवासी अनिल (काल्पनिक नाम) ने थाने में दी शिकायत में बताया कि वह लंबे समय से विदेश जाकर अच्छी नौकरी पाने का सपना देख रहा था। करीब एक साल पहले उसकी मुलाकात कैथल निवासी सतनाम और उसके एक साथी से हुई। दोनों ने कहा कि वे युवाओं को विदेश भेजने का काम करते हैं और अमेरिका सहित कई देशों में उनका मजबूत नेटवर्क है।
अनिल के अनुसार, आरोपियों ने उसे भरोसा दिलाया कि वे उसे 70 लाख रुपए में अमेरिका भेज देंगे, और सिर्फ भेजेंगे ही नहीं बल्कि वहां स्थायी नागरिकता (ग्रीन कार्ड) और जॉब भी दिलवाएंगे। युवक उनके झांसे में आ गया और धीरे-धीरे करके पूरी रकम दे दी।
रकम लेने के बाद संपर्क तोड़ा, धमकियां भी दीं
अनिल ने पुलिस को बताया कि 70 लाख रुपए देने के बाद आरोपियों ने पहले तो उसे कुछ समय इंतजार करने को कहा। बाद में वे फोन न उठाने लगे और मिलने पर बहाने बनाने लगे। जब उसने रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और कहा कि वह उनसे पैसे मांगकर अपना समय खराब न करे। इसी धमकी के बाद युवक को समझ आया कि वह संगठित ठगी का शिकार हो चुका है।
कागजात भी नहीं दिए, कोई प्रोसेस शुरू नहीं की
अनिल के अनुसार, आरोपियों ने न तो कोई वीजा प्रक्रिया शुरू की, न कोई डॉक्यूमेंटेशन किया और न ही किसी प्रकार की रसीद या लिखित समझौता दिया। उन्होंने सिर्फ झूठे वादों के आधार पर उससे लाखों रुपये ऐंठ लिए।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, शुरू हुई जांच
सिविल लाइन थाना पुलिस ने शिकायत मिलने पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रवक्ता प्रवीन श्योकंद ने बताया कि युवक की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की गतिविधियों तथा उनके नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अन्य युवाओं को भी इसी तरह विदेश भेजने के नाम पर ठगने का प्रयास करते रहे हैं।
हरियाणा में बढ़ रहे इमीग्रेशन फ्रॉड के मामले
हरियाणा के कई जिलों में पिछले कुछ वर्षों में इमीग्रेशन वीजा ठगी के केस तेजी से बढ़े हैं। विदेश जाने का सपना देखने वाले युवा अक्सर ऐसे लोगों के जाल में फंस जाते हैं जो बड़े-बड़े दावे करके लाखों रुपए हड़प लेते हैं। कैथल में सामने आया यह मामला इसी तरह की ठगी का एक और उदाहरण है।
पुलिस की अपील: कानूनी एजेंटों से ही करें संपर्क
पुलिस ने युवाओं और उनके परिवारों से अपील की है कि वे विदेश जाने के लिए हमेशा सरकारी मान्यता प्राप्त एजेंटों से ही संपर्क करें। बड़े-बड़े वादे, कम समय में वीजा, और नागरिकता दिलाने जैसे दावे आमतौर पर धोखाधड़ी का हिस्सा होते हैं।
पुलिस ने यह भी कहा कि किसी भी संदिग्ध एजेंट या व्यक्ति के मिलने पर तुरंत स्थानीय थाने में सूचना दें ताकि ऐसी वारदातों को रोका जा सके।
