हिसार के हांसी में पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है।
दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए कार बम धमाके के बाद जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बुधवार को पूरे जिले में नाकाबंदी, वाहनों की चेकिंग और सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
संवेदनशील स्थानों, सार्वजनिक परिवहन स्टैंडों, पार्किंग एरिया, होटलों और धर्मशालाओं की गहन जांच की गई। इस दौरान पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखी।
थानों और सीमाओं पर पुलिस की तैनाती बढ़ी:
पुलिस अधीक्षक अमित यशवर्धन के निर्देश पर जिले के सभी थानों, चौकों, चौराहों और अंतर-जिला सीमाओं पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस टीमें वाहनों की जांच कर रही हैं और हर आने-जाने वाले व्यक्ति पर कड़ी नजर रख रही हैं।
भीड़भाड़ वाले इलाकों में स्निफर डॉग यूनिट की सहायता से तलाशी अभियान भी चलाया गया।
थाना प्रबंधकों को सख्त निर्देश:

एसपी अमित यशवर्धन ने सभी थाना प्रबंधकों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में
असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखें।
पुलिस ने बाजारों, बस स्टैंडों, रेलवे स्टेशनों, गेस्ट हाउसों और धर्मशालाओं में गश्त बढ़ा दी है।
सभी संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की बारीकी से जांच की जा रही है।
नागरिकों से सतर्क रहने की अपील:
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि —
“नागरिक सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को दें। नागरिकों की एक सूचना किसी बड़ी घटना को टाल सकती है।”
उन्होंने बताया कि यदि किसी संदिग्ध व्यक्ति को बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, होटल, धर्मशाला, गेस्ट हाउस या ढाबे में ठहरते हुए देखा जाए, तो तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम हांसी (88130-89302) पर सूचना दें।
किसी भी लावारिस वस्तु या संदिग्ध बैग को न छुएं — बल्कि तुरंत पुलिस को सूचित करें।
सूचना देने वालों की पहचान रहेगी गोपनीय:
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गोपनीय रखा जाएगा।
जिलेभर में पुलिस की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
