Wednesday, April 1, 2026
Homeजिला न्यूज़पानीपतपानीपत में जूट फैक्ट्री में भीषण आग, 12 घंटे बाद पाया काबू...

पानीपत में जूट फैक्ट्री में भीषण आग, 12 घंटे बाद पाया काबू — पांच महिलाएं झुलसीं

पानीपत शहर के न्यू मॉडल टाउन क्षेत्र स्थित एक जूट बनाने की फैक्ट्री में रविवार को लगी आग ने भारी तबाही मचा दी। देर रात तक फायर ब्रिगेड की कई टीमें आग पर काबू पाने में जुटी रहीं। अधिकारियों के अनुसार, आग बुझाने में 12 घंटे से अधिक का समय लगा।

इस भीषण हादसे में लाखों रुपये का कच्चा और तैयार जूट जलकर राख हो गया, जबकि आसपास के 5 से 6 मकानों की दीवारों में दरारें आ गईं। घटना के दौरान पांच महिलाएं झुलस गईं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

फायर ब्रिगेड की 25 से अधिक गाड़ियां लगीं आग बुझाने में

फायर विभाग ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए 25 से अधिक दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। छह से ज्यादा टीमों ने लगातार प्रयास करके आग को फैलने से रोका।
आग लगने के कारण इलाके में घना धुआं फैल गया, जिससे स्थानीय लोगों को सांस लेने में दिक्कत हुई। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने आस-पास के मकान खाली कराए और परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा।

आग की गर्मी से मकानों में दरारें आईं

आग की तेज गर्मी के कारण पड़ोसी मकानों की दीवारों में दरारें आ गईं। प्रशासन ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से प्रभावित परिवारों को अस्थायी रूप से अन्य स्थानों पर शिफ्ट किया।

फैक्ट्री के पास नहीं थी फायर एनओसी

जांच में खुलासा हुआ कि फैक्ट्री संचालक विजय शर्मा ने फायर एनओसी नहीं ली थी।
फायर सेफ्टी ऑफिसर गुरमेल सिंह ने बताया कि बिना अग्नि सुरक्षा स्वीकृति के फैक्ट्री चलाई जा रही थी। यह लापरवाही आग के तेजी से फैलने का बड़ा कारण बनी। उन्होंने कहा कि पूरी रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है।

Sonu Baali
Sonu Baalihttp://khasharyananews.com
संस्थापक, खास हरियाणा न्यूज़- हरियाणा की ज़मीन से जुड़ा एक निष्पक्ष और ज़मीनी पत्रकार। पिछले 6+ वर्षों से जनता की आवाज़ को बिना किसी एजेंडे के सामने लाने का प्रयास कर रहे हैं। देसी अंदाज़ और सच्ची पत्रकारिता में विश्वास रखते हैं। 🌐 khasharyana.com
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments