हरियाणा सरकार में OSD (मोटिवेशन) और पर्वतारोही अनीता कुंडू के नाम पर फेसबुक पर फेक आईडी बनाकर साइबर फ्रॉड करने का मामला सामने आया है। अपराधियों ने अनीता कुंडू की फेक प्रोफाइल बनाकर लोगों से पैसे ऐठने की कोशिश की। अनीता कुंडू ने इस संबंध में हिसार पुलिस में शिकायत दी है।
जानकारी के अनुसार, यह फेक फेसबुक आईडी करीब दो महीने पहले बनाई गई थी, लेकिन अभी तक पुलिस अपराधी तक नहीं पहुँच पाई है। अनीता कुंडू ने लोगों से अपील की है कि फेसबुक पर आए किसी भी मैसेज को सच न मानें और अगर उनके नाम से किसी ने पैसे की मांग की तो उसे गंभीरता से न लें।
अनीता कुंडू ने बताया कि किसी ने उनकी पुलिस की वर्दी वाली फोटो का इस्तेमाल कर फेक आईडी बनाई है और बायो में “समाजसेवी” लिखा है। उन्होंने यह शिकायत आजाद नगर थाने, हिसार में 1 सितंबर को दर्ज करवाई थी। उन्होंने बताया कि फेक आईडी बनाने वाले ने खुद को राजस्थान, जयपुर का रहने वाला बताया था।
इस घटना के दो दिन बाद हरियाणा की होम सेक्रेटरी और सीनियर IAS अधिकारी डॉ. सुमिता मिश्रा के नाम से भी फेसबुक पर फेक आईडी बनाई गई थी। डॉ. सुमिता मिश्रा ने सोशल मीडिया पर खुद इस फेक आईडी के स्क्रीनशॉट शेयर किए और लोगों से चेताया कि इसे फ्रेंड रिक्वेस्ट या पैसे मांगने के लिए न मानें।

अनीता कुंडू कौन हैं?
अनीता कुंडू का जन्म हिसार जिले के फरीदपुर गांव में एक गरीब परिवार में हुआ। बचपन से ही उन्हें कबड्डी का शौक था और उन्होंने 5वीं कक्षा से खेलना शुरू किया। अनीता “नशा मुक्त हरियाणा अभियान” की ब्रांड एम्बेसडर हैं और रक्तदान, वृक्षारोपण व सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों में सक्रिय रहती हैं। इसके अलावा, वह अनीता कुंडू फाउंडेशन के माध्यम से युवाओं को प्रेरित करने का काम करती हैं।
माउंट एवरेस्ट की फतह
अनीता कुंडू एक सफल पर्वतारोही भी हैं। उन्होंने 2013 में नेपाल मार्ग से माउंट एवरेस्ट फतह किया। 2015 में चीन की ओर से प्रयास किया, लेकिन भूकंप के कारण 22,000 फीट पर लौटना पड़ा। फिर 2017 में चीन मार्ग से माउंट एवरेस्ट फतह कर भारत की पहली महिला बनीं जिसने दोनों मार्गों से एवरेस्ट जीता। 2019 में उन्होंने दुनिया भर के पर्वतारोहियों का नेतृत्व करते हुए तीसरी बार माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा लहराया। अनीता कुंडू ने सातों महाद्वीपों के सर्वोच्च शिखरों (Seven Summits) पर भारत का झंडा फहराया है।
हिसार पुलिस अब इस साइबर फ्रॉड की पूरी जांच कर रही है और अपराधी तक पहुँचने के प्रयास जारी हैं। अनीता कुंडू ने जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी संदिग्ध संदेश या रिक्वेस्ट को गंभीरता से न लें।
