Thursday, March 26, 2026
Homeजिला न्यूज़हिसारहिसार के असिस्टेंट लाइनमैन सोनू सिंह बने KBC के विजेता, जीते 5...

हिसार के असिस्टेंट लाइनमैन सोनू सिंह बने KBC के विजेता, जीते 5 लाख रुपए, बाइक और दो सोने के सिक्के

हरियाणा के हिसार जिले के उकलाना क्षेत्र के गांव पाबड़ा के रहने वाले असिस्टेंट लाइनमैन सोनू सिंह ने मशहूर टीवी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति (KBC)’ में अपनी मेहनत और सामान्य ज्ञान की बदौलत 5 लाख रुपए, एक बाइक और दो सोने के सिक्के जीतकर पूरे इलाके का नाम रोशन कर दिया है।

सोनू एक साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई पूरी की और लगभग पांच साल पहले बिजली विभाग में असिस्टेंट लाइनमैन (ALM) के पद पर चयनित हुए। फिलहाल वे किरमारा और कुलेरी गांवों में सेवाएं दे रहे हैं।

सोनू का कहना है कि बचपन से ही उन्हें सामान्य ज्ञान और करंट अफेयर्स में गहरी रुचि थी। उन्होंने बताया कि वे जो भी पढ़ते, उसे लंबे समय तक याद रखते थे। यही रुचि उन्हें KBC के मंच तक लेकर आई।

उन्होंने बताया कि उन्होंने दो साल पहले पहली बार शो के लिए आवेदन किया था, लेकिन उस वक्त चयन नहीं हुआ। कई बार प्रयास करने के बावजूद वे हार नहीं माने। बाद में उन्होंने पत्नी के मोबाइल नंबर से आवेदन किया, मगर उस वक्त भी किस्मत साथ नहीं दे पाई। आखिरकार कुछ महीने पहले जब दोबारा मौका मिला, उन्होंने ऑनलाइन ऑडिशन में भाग लिया और चयनित हो गए।

30 और 31 अक्टूबर को दिल्ली में ऑडिशन हुआ, जिसमें हजारों लोगों ने हिस्सा लिया। सोनू ने बताया कि लगभग 50 से 60 हजार प्रतिभागियों में से केवल 1500 लोगों का चयन हुआ था। इसके बाद जब KBC टीम की ओर से फोन आया और दो सवाल पूछे गए, तो सोनू ने दोनों के सही उत्तर देकर चयन की अगली सीढ़ी पार कर ली।

आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण सोनू के पास मुंबई जाने का किराया तक नहीं था, लेकिन एक खास दोस्त ने रेल टिकट बनवाकर मदद की। शो के दौरान जब वे अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर बैठे, तो उनका दिल तेजी से धड़कने लगा।

सोनू ने बताया, “ऐसा लग रहा था जैसे मैं किसी सपने में हूं। रातभर नींद नहीं आई थी, बस अमिताभ बच्चन ही नजर आ रहे थे।”

27 और 28 अक्टूबर को शूट हुआ यह एपिसोड 3 और 4 नवंबर को सोनी टीवी पर प्रसारित किया गया। पहले दिन उन्होंने सात सवालों के सही जवाब देकर 1 लाख रुपए जीते और दूसरे दिन 25 लाख के सवाल पर चूक गए। फिर भी उन्होंने 5 लाख रुपए, एक बाइक और दो सोने के सिक्के अपने नाम किए।

गांव लौटने पर ग्रामीणों ने ढोल नगाड़ों और मिठाइयों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। गांव के सरपंच और ग्रामीणों ने कहा कि सोनू ने साबित किया है कि मेहनत, लगन और आत्मविश्वास से कोई भी मंजिल हासिल की जा सकती है।

Sonu Baali
Sonu Baalihttp://khasharyananews.com
संस्थापक, खास हरियाणा न्यूज़- हरियाणा की ज़मीन से जुड़ा एक निष्पक्ष और ज़मीनी पत्रकार। पिछले 6+ वर्षों से जनता की आवाज़ को बिना किसी एजेंडे के सामने लाने का प्रयास कर रहे हैं। देसी अंदाज़ और सच्ची पत्रकारिता में विश्वास रखते हैं। 🌐 khasharyana.com
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments