हरियाणा के हिसार में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के ओएसडी और IPS अधिकारी पंकज नैन का रिश्तेदार बताने वाले व्यक्ति की कार का 6 हजार रुपए का चालान काटा गया है। यह कार्रवाई तब हुई जब उसने बीच सड़क पर कार पार्क कर पकौड़े लेने चला गया था।
यह मामला हिसार के नागौरी गेट क्षेत्र का है। सोमवार शाम को एक व्यक्ति ने बाजार के बीच सड़क पर अपनी कार रोक दी और पास की दुकान मदन पकौड़े वाले के यहां चला गया। इस वजह से वहां जाम लग गया और राहगीर परेशान हो गए।
लोगों ने जब इस लापरवाही का वीडियो बनाना शुरू किया, तो चालक बिल्लू कुचराना मौके पर पहुंचा और धौंस दिखाने लगा। उसने कहा कि वह सीएम के ओएसडी IPS पंकज नैन का रिश्तेदार है और किसी ने वीडियो बनाई तो “देख लूंगा” कहकर लोगों को धमकाया।
लोगों ने यह वीडियो सोशल मीडिया पर IPS पंकज नैन के नाम से टैग करके शेयर कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद IPS पंकज नैन ने तुरंत संज्ञान लिया और हिसार पुलिस को कानूनी कार्रवाई के आदेश दिए।

IPS पंकज नैन ने दैनिक भास्कर ऐप से बातचीत में कहा, “मेरा ऐसा कोई रिश्तेदार नहीं है और न ही मेरे रिश्तेदार इस तरह का व्यवहार करते हैं। जैसे ही वीडियो मेरे पास पहुंचा, मैंने हिसार पुलिस को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।”
पुलिस ने तुरंत गाड़ी का विवरण निकाला, जिससे पता चला कि यह जींद निवासी शमशेर सिंह संधु के नाम रजिस्टर्ड है, जो एक रिटायर्ड अफसर बताए जा रहे हैं।
हिसार पुलिस ने 6,000 रुपए का चालान काटा है और मामले की जांच जारी है। पुलिस PRO विकास कुमार ने पुष्टि करते हुए कहा कि, “हमने IPS पंकज नैन का नाम लेकर धौंस दिखाने वाले व्यक्ति पर कार्रवाई की है। जरूरत पड़ी तो केस दर्ज भी किया जाएगा।”
इस घटना ने एक बार फिर दिखा दिया है कि पद और पहचान का झूठा असर दिखाने वालों पर कानून बराबर लागू होता है।
