हिसार के हांसी नगर परिषद ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रॉपर्टी टैक्स बकाया वसूली अभियान के तहत दो बिल्डिंगों को सील कर दिया। यह कार्रवाई नगर परिषद की प्रॉपर्टी टैक्स शाखा द्वारा भारी पुलिस बल की मौजूदगी में की गई।
जानकारी के अनुसार, पहली बिल्डिंग चार कुतुब गेट के नजदीक, जबकि दूसरी बिल्डिंग डडल पार्क के पास स्थित है। दोनों संपत्तियों पर क्रमशः ₹90,421 और करीब ₹50,000 का हाउस टैक्स बकाया था। नगर परिषद द्वारा कई बार नोटिस भेजे जाने के बावजूद जब मालिकों ने टैक्स जमा नहीं करवाया, तो विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए संपत्तियों को सील करने का फैसला लिया।
कार्रवाई के दौरान नगर परिषद की टीम में सेक्रेटरी एंजेल वायु, बिल्डिंग इंस्पेक्टर धर्मेंद्र यादव, असिस्टेंट सत्यवान मलिक, एमई जयवीर और रोशन सहित कई कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं, किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल भी मौके पर तैनात किया गया था।

नगर परिषद अधिकारियों ने बताया कि टैक्स बकायादारों के खिलाफ आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग ने साफ कहा है कि जो भी संपत्ति मालिक अब भी हाउस टैक्स जमा नहीं कर रहे हैं, उन्हें जल्द भुगतान करना चाहिए, अन्यथा उनकी संपत्तियों को भी सील कर दिया जाएगा।
सेक्रेटरी एंजेल वायु ने कहा कि नगर परिषद द्वारा चलाए जा रहे टैक्स रिकवरी अभियान का उद्देश्य शहर में टैक्स अनुशासन को मजबूत बनाना है। टैक्स जमा करना हर नागरिक का कर्तव्य है और नगर परिषद की सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए इसका पालन जरूरी है।
हांसी नगर परिषद की इस सख्त कार्रवाई से शहर में स्पष्ट संदेश गया है कि अब टैक्स चोरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारी वर्ग ने बताया कि आने वाले दिनों में बकायादारों की सूची सार्वजनिक की जाएगी और नाम उजागर कर अगली कार्रवाई की जाएगी।
