Wednesday, April 1, 2026
Homeअपराधहिसार के नारनौंद में बंद घर से चोरी, खेतों में तार और...

हिसार के नारनौंद में बंद घर से चोरी, खेतों में तार और मोटर चोरी की वारदातें भी बढ़ीं

हिसार जिले के नारनौंद शहर के वार्ड नंबर 7 में बंद घर से सोने-चांदी के जेवर और सामान चोरी हुआ। वहीं, आसपास के गांवों में खेतों से मोटर और तार चोरी की घटनाएं बढ़ गई हैं। ग्रामीणों में डर का माहौल है।

हिसार जिले के नारनौंद शहर के वार्ड नंबर 7 में एक बंद घर से चोरी की वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी है। चोर घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात, कपड़े और अन्य सामान लेकर फरार हो गए। पीड़िता ने नारनौंद थाना पुलिस को शिकायत देकर न्याय की मांग की है।

नारनौंद निवासी सुशीला ने बताया कि वह 30 अक्टूबर की शाम अपने गांव चैनत गई हुई थीं। जब 31 अक्टूबर की सुबह घर लौटीं, तो संदूक का ताला टूटा हुआ और सामान बिखरा पड़ा था। चोर संदूक से एक चांदी का गुच्छा, पाजेब की जोड़ी, चुटकी, दो तोले की सोने की चेन, सरसों के तेल की दो बोतलें और करीब 15 सूट चोरी कर ले गए। आसपास काफी तलाश के बावजूद चोरी हुए सामान का कोई सुराग नहीं मिला।

सुशीला की शिकायत पर नारनौंद पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(a) और 331(4) के तहत केस दर्ज किया है। हेड कॉन्स्टेबल संदीप कुमार के अनुसार, आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।

इस बीच, क्षेत्र में खेतों से मोटर और बिजली के तार चोरी की घटनाएं भी बढ़ने लगी हैं।

पहला मामला: बास थाना क्षेत्र के गांव सिंघवा खास में किसान कर्ण सिंह के खेत से 3 एचपी की सोलर मोटर चोरी हो गई। पुलिस ने जांच एएसआई कृष्ण कुमार को सौंपी है।

दूसरा मामला: गांव उगालन के किसान धर्मबीर के खेत से बिजली मोटर और 660 फीट सरकारी तार चोरी हुई है। जांच की जिम्मेदारी हेड कॉन्स्टेबल विकास को दी गई है।

तीसरा मामला: नारनौंद थाना क्षेत्र के गांव बुडाना के किसानों ने बताया कि 28 अक्टूबर की रात उनके खेतों से 75 फीट थ्री फेस बिजली की तार चोरी हो गई, जिसकी कीमत करीब 8 हजार रुपये बताई गई है।

लगातार हो रही चोरी की इन घटनाओं से ग्रामीणों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। पुलिस ने मामलों की जांच शुरू कर दी है और जल्द ही आरोपियों की पहचान करने का दावा किया है।

Sonu Baali
Sonu Baalihttp://khasharyananews.com
संस्थापक, खास हरियाणा न्यूज़- हरियाणा की ज़मीन से जुड़ा एक निष्पक्ष और ज़मीनी पत्रकार। पिछले 6+ वर्षों से जनता की आवाज़ को बिना किसी एजेंडे के सामने लाने का प्रयास कर रहे हैं। देसी अंदाज़ और सच्ची पत्रकारिता में विश्वास रखते हैं। 🌐 khasharyana.com
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments