हरियाणा के कैथल जिले के गांव चंदाना में 11 महीने पहले शादी हुई विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति, सास, ससुर और ननद के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हरियाणा के कैथल जिले के गांव चंदाना में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में लड़की के भाई ने तितरम थाना पुलिस को शिकायत दी, जिसके आधार पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
मृतका के भाई जीवन सिंह, निवासी महौल खेड़ा, ने बताया कि लगभग 11 महीने पहले उसकी बहन मीनू की शादी गांव चंदाना निवासी अभिषेक से हुई थी। शादी के कुछ ही समय बाद ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर मीनू को प्रताड़ित करने लगे। इस संबंध में कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन आरोपियों ने अपने व्यवहार में कोई सुधार नहीं किया।

शिकायत के अनुसार, 25 अक्टूबर को ससुराल पक्ष के लोगों ने मीनू के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। मायके वालों का आरोप है कि मीनू की हत्या दहेज के लिए की गई है।
तितरम थाना के जांच अधिकारी सुभाष चंद्र ने बताया कि मृतका के भाई की शिकायत के आधार पर पति, सास, ससुर और ननद के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
