सिरसा सीआईए पुलिस ने अवैध हथियार रखने वाले युवक को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 315 बोर की अवैध पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। आरोपी दारा सिंह से पूछताछ में अवैध हथियार नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का खुलासा हो सकता है।
सिरसा में सीआईए पुलिस ने अवैध हथियार रखने वाले एक युवक को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर की अवैध पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
सीआईए सिरसा प्रभारी सब इंस्पेक्टर प्रेम कुमार ने बताया कि गिरफ्तार युवक की पहचान गांव झोरड़नाली निवासी दारा सिंह के रूप में हुई है। पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान झोरड़नाली की ओर जा रही थी, तभी सामने से आ रहे युवक ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की।
शक के आधार पर पुलिस ने उसे काबू किया और नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध हथियार और कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सदर सिरसा में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सब इंस्पेक्टर प्रेम कुमार ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह अवैध हथियार कहां से लाया गया और किन लोगों से इसका संबंध है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
