ASI संदीप लाठर सुसाइड केस में नया अपडेट सामने आया है। शुक्रवार को संदीप लाठर के परिवार के सदस्य एसपी सुरेंद्र भौरिया से मिले और मामले में निष्पक्ष जांच की मांग रखी। एसपी ने परिवार को आश्वासन दिया कि पूरे मामले की जांच कानूनी प्रक्रिया के तहत पारदर्शी तरीके से की जा रही है और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
14 अक्टूबर को हुई थी आत्महत्या
ASI संदीप लाठर ने 14 अक्टूबर की दोपहर करीब एक बजे गांव लाढोत से धामड़ रोड पर अपने मामा के खेतों में बने कमरे की छत पर जाकर सर्विस रिवॉल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी।
आत्महत्या से पहले उन्होंने एक वीडियो रिकॉर्ड किया और 4 पेज का सुसाइड नोट छोड़ा था, जिसमें IPS वाई पूरन कुमार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए गए थे।
परिवार की शिकायत पर चार के खिलाफ केस दर्ज
पुलिस ने परिवार की शिकायत के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। साथ ही, डीएसपी के नेतृत्व में SIT गठित की गई थी जो जांच कर रही है। इसी जांच की प्रगति को लेकर परिवार के सदस्य एसपी से मिलने पहुंचे।
एसपी ने निष्पक्ष जांच का दिया भरोसा
ASI संदीप लाठर के ममेरे भाई संजय देशवाल ने बताया कि एसपी ने उन्हें पूरी जांच प्रक्रिया के बारे में बताया है।
एसपी ने कहा कि दो आरोपियों को जांच में शामिल किया जा चुका है, जबकि आईएएस व विधायक से जुड़े बिंदुओं पर जांच जारी है।
संजय देशवाल ने कहा कि “एसपी ने भरोसा दिलाया है कि दूध का दूध और पानी का पानी होगा।”

मनोहर लाल खट्टर से मिलने की तैयारी
परिवार ने बताया कि वे जल्द ही केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर से भी मुलाकात करेंगे ताकि जांच को लेकर चर्चा की जा सके। पीजीआई में पहले हुई बातचीत को लेकर भी मुद्दे उठाए जाएंगे।
परिवार की नाराजगी के मुख्य बिंदु:
- जांच में ढिलाई: एफआईआर में दर्ज नामों से अभी तक पूछताछ नहीं की गई।
- खेत में परेशानियां: पुलिस रोजाना खेत में जाकर नौकरों और किसानों से पूछताछ कर रही है।
- एफआईआर पर संशय: परिवार का कहना है कि सुसाइड नोट के आधार पर एफआईआर दर्ज होनी चाहिए।
- SIT की चुप्पी: परिवार को अभी तक जांच की स्थिति की कोई जानकारी नहीं दी गई है।
परिवार ने कहा कि उन्हें अब पुलिस पर भरोसा है और उम्मीद है कि संदीप लाठर को न्याय मिलेगा।
