सिरसा जिले की रानियां नगर पालिका में सीएम फ्लाइंग टीम ने बुधवार सुबह रेड की। अनियमितताओं की शिकायत के बाद टीम ने रिकॉर्ड खंगाला। जांच में वित्तीय और प्रशासनिक गड़बड़ियों के संकेत मिल रहे हैं।
रानियां नगर पालिका में सीएम फ्लाइंग की रेड, अनियमितताओं की शिकायत पर रिकॉर्ड खंगाला
सिरसा जिले के रानियां नगर पालिका में बुधवार सुबह सीएम फ्लाइंग टीम ने अचानक रेड की। यह कार्रवाई नगर पालिका में हो रही अनियमितताओं की शिकायतों के बाद की गई।
टीम का नेतृत्व उपनिरीक्षक राजेश कुमार कर रहे थे। उनके साथ उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार, सक्षम अधिकारी संदीप कुमार (कार्यकारी अभियंता, सिंचाई विभाग, सिरसा) और हरदीप कुमार (एसडीओ, सिंचाई विभाग, सिरसा) भी मौजूद थे।

सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री कार्यालय को नगर पालिका से जुड़ी शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर यह औचक निरीक्षण (Surprise Inspection) किया गया।
टीम नगर पालिका के विभिन्न रिकॉर्ड और विकास कार्यों से संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही है। उद्देश्य यह पता लगाना है कि कहीं वित्तीय या प्रशासनिक गड़बड़ी तो नहीं हुई।
रेड की सूचना मिलते ही नगरपालिका कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों में तनावपूर्ण माहौल बन गया।
फिलहाल टीम की जांच जारी है, और सूत्रों के अनुसार, बड़ी कार्रवाई की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
