हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के खिलाफ 12 साल पुराने CLU सीडी कांड में नारनौल कोर्ट में चालान पेश किया गया है। यह मामला उस समय का है जब वे हुड्डा सरकार में स्वास्थ्य मंत्री थे। आरोप है कि उन्होंने पलवल में जमीन के CLU के लिए करोड़ों की डिमांड की थी।
हरियाणा में 12 साल पुराने चेंज ऑफ लैंड यूज (CLU) सीडी कांड का मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। नारनौल की एडिशनल सेशन जज हर्षाली चौधरी की अदालत में हरियाणा कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के खिलाफ प्रिवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट (PC Act) के तहत चालान पेश किया गया है।
यह वही मामला है जो उस समय भूपेंद्र सिंह हुड्डा सरकार के दौरान हुआ था, जब राव नरेंद्र सिंह राज्य के स्वास्थ्य मंत्री थे।
इनेलो ने किया था स्टिंग, सामने आई थी सीडी

इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) ने उस समय एक स्टिंग ऑपरेशन किया था और पूरी बातचीत को रिकॉर्ड कर सीडी के रूप में जारी किया था। इसी वजह से इस केस को “CLU सीडी कांड” कहा गया।
शिकायत में कहा गया था कि राव नरेंद्र सिंह ने पलवल में 30 एकड़ जमीन के CLU के लिए 30 से 50 करोड़ रुपये की डिमांड की थी।
यह रिकॉर्डिंग धर्मेंद्र कुहाड़ ने की थी, जिसने यह सीडी इनेलो विधायक रामपाल माजरा को सौंपी। बाद में 2014 में माजरा ने इसे लेकर लोकायुक्त के पास शिकायत नंबर 44 दर्ज कराई थी।
जांच से लेकर चालान तक की कहानी
लोकायुक्त ने जांच का जिम्मा IPS अधिकारी वी. कामराजा को सौंपा था। उनकी रिपोर्ट 27 अप्रैल 2015 को आई, जिसके बाद 16 दिसंबर 2015 को लोकायुक्त ने हरियाणा के मुख्य सचिव को पत्र लिखा।
इसके बाद 29 जनवरी 2016 को राज्य चौकसी ब्यूरो, गुरुग्राम में पीसी एक्ट की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया।
अब डीएसपी अशोक डागर ने इस केस में चालान कोर्ट में पेश किया है।
6 नेताओं के नाम आए थे सामने
इस सीडी कांड में राव नरेंद्र सिंह के अलावा तत्कालीन संसदीय सचिव विनोद भयाना, विधायक रामकिशन फौजी, जरनैल सिंह, नरेश सेलवाल और रामनिवास घोड़ेला के नाम भी सामने आए थे। सभी पर CLU के लिए रिश्वत मांगने के आरोप लगे थे।
12 साल बाद चार्जशीट की टाइमिंग पर उठे सवाल
लंबे समय तक ठंडे बस्ते में पड़े इस केस में अब चार्जशीट दाखिल होने से सियासी हलचल तेज हो गई है। खासकर ऐसे समय में जब राव नरेंद्र सिंह को हाल ही में कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है।
राव नरेंद्र सिंह की प्रतिक्रिया
राव नरेंद्र सिंह ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा —
“यह भाजपा की बौखलाहट है। मैं निडर हूं और झुकूंगा नहीं। यह मामला 12 साल पुराना है और राजनीतिक षड्यंत्र के तहत उछाला जा रहा है। न्यायपालिका पर मुझे पूरा भरोसा है, सच्चाई की जीत होगी।”
उन्होंने इनेलो पर आरोप लगाया कि वह भाजपा के हाथों खेल रही है।
“इनेलो द्वारा जारी किया गया वीडियो फर्जी है। हमने 2016 में कोर्ट में इनेलो नेताओं को पार्टी बनाया था, लेकिन 9 साल में कोई भी पेश नहीं हुआ।”
