हिसार में भाई दूज का पर्व आज, जानें शुभ मुहूर्त और पौराणिक कथा का महत्व
हिसार में आज भाई दूज का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। यह पर्व कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की द्वितीय तिथि को मनाया जाता है और भाई-बहन के स्नेह व अटूट रिश्ते का प्रतीक माना जाता है।
आचार्य संतोष शास्त्री के अनुसार, कार्तिक शुक्ल द्वितीया तिथि का आरंभ 22 अक्टूबर रात 8:16 बजे हुआ था और इसका समापन 23 अक्टूबर रात 10:46 बजे होगा। ऐसे में भाई दूज का पर्व 23 अक्टूबर को मनाया जा रहा है।

भाई को तिलक करने का शुभ मुहूर्त दोपहर 1 बजकर 13 मिनट से 3 बजकर 28 मिनट तक रहेगा।
पौराणिक कथा के अनुसार, एक बार यमुना ने अपने भाई यमराज को भोजन के लिए घर बुलाया। यमराज उनकी श्रद्धा और स्नेह से प्रसन्न होकर बोले कि जो भी बहन इस दिन अपने भाई को तिलक लगाकर नारियल का गोला देगी, उसे और उसके भाई को अकाल मृत्यु का भय नहीं रहेगा।
तभी से भाई दूज के दिन नारियल का गोला देने और तिलक करने की परंपरा चली आ रही है।
