पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने जींद में ताबड़तोड़ प्रेस वार्ता करते हुए इनेलो नेताओं, हरियाणा सरकार और चुनाव आयोग को लेकर कई बड़े बयान दिए। चौटाला ने सबसे पहले इनेलो नेताओं पर कटाक्ष करते हुए कहा कि “इनेलो के नेताओं को रोटी तभी हजम होती है, जब वे जेजेपी का नाम लेते हैं।” उन्होंने कहा कि जो नेता दो साल पहले जेजेपी छोड़कर गए थे, आज उन्हें इनेलो में शामिल किया जा रहा है, जिससे साबित होता है कि इनेलो के पास खुद का कोई नेतृत्व या दिशा नहीं बची है।
CRSU विश्वविद्यालय यौन उत्पीड़न मामला गंभीर—चौटाला
दुष्यंत चौटाला ने चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय (CRSU) में छात्रों से यौन उत्पीड़न के मामले को बेहद गंभीर बताया और हरियाणा सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार को तुरंत सभी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को यह निर्देश देने चाहिए कि ऐसे मामलों को सख्ती से रोका जाए।
चौटाला ने सुझाव दिया कि प्रदेश में सभी विश्वविद्यालयों में एक विशेष निगरानी समिति (Special Monitoring Committee) बनाई जानी चाहिए, जो यौन उत्पीड़न जैसे संवेदनशील मामलों की जांच और निगरानी करे। उन्होंने यह भी कहा कि विश्वविद्यालयों के कुलपति सीधे सरकार के नियंत्रण में होने चाहिए, ताकि किसी भी शिकायत पर तुरंत कार्रवाई हो सके।
चुनाव आयोग पर भी उठाए सवाल

दुष्यंत चौटाला ने हरियाणा में चुनाव आयोग की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि हरियाणा में हुए हालिया घटनाक्रमों से ‘SIR’ पर बड़ा प्रश्नचिह्न लग गया है।
उनका कहना था कि विपक्ष ने चुनाव आयोग को जगाने का काम किया है और आयोग को किसी एक पार्टी से प्रभावित होकर नहीं, बल्कि सभी दलों के लिए समान और निष्पक्ष भूमिका निभानी चाहिए।
पूर्व IPS आर.एस. यादव के बयान पर प्रतिक्रिया
जब उनसे पूर्व आईपीएस आर.एस. यादव द्वारा अभय चौटाला को 39 जूते मारने वाले विवादित बयान पर सवाल पूछा गया, तो दुष्यंत चौटाला ने कहा—
“यह किसने देखा? सच्चाई सामने आएगी। यदि कोई कानूनी कार्रवाई करेगा, तभी सही बात साबित होगी।”
उन्होंने कहा कि राजनीति में बयानबाजी का स्तर गिराना लोकतंत्र के लिए उचित नहीं है।
गठबंधन पर साफ बोले—लोगों की मांगों पर हुआ था गठबंधन
दुष्यंत चौटाला ने जेजेपी और भाजपा के 2019 के गठबंधन को लेकर भी अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि जेजेपी के घोषणापत्र में यह कहीं नहीं लिखा था कि वह कभी गठबंधन नहीं करेगी। 2019 में गठबंधन जनता की मांगों और प्रदेश के विकास के लिए किया गया था।
चौटाला ने दावा किया कि जेजेपी ने अपने कार्यकाल में जनता से किए गए वादों को पूरा करने के लिए ईमानदारी से काम किया।
7 दिसंबर को जेजेपी की बड़ी रैली
जेजेपी के आगामी राजनीतिक कार्यक्रम का जिक्र करते हुए दुष्यंत चौटाला ने घोषणा की कि पार्टी अपना आठवां स्थापना दिवस 7 दिसंबर को जुलाना में मनाएगी।
उन्होंने दावा किया कि यह रैली हरियाणा की राजनीति में बड़ा बदलाव लाने का काम करेगी।
उन्होंने कहा कि जुलाना की धरती पर होने वाली यह रैली जेजेपी की ताकत और संगठन क्षमता को साबित करेगी।
