रोहतक जिले के कलानौर में श्री बाबा खाटू श्याम सेवा मंडल कलानौर की ओर से शनिवार को श्री बाबा खाटू श्याम जी का जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर एक विशाल ध्वज निशान यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 1100 भक्तों ने भाग लिया।
भजनों के साथ निकली यात्रा, भंडारे में उमड़े भक्त
शहर की सड़कों पर बाबा श्याम के भजनों की गूंज रही। भक्तों ने पूरे उत्साह के साथ यात्रा में भाग लिया। यात्रा के बाद एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और बाबा श्याम व गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया।

गुरुओं और संतों से लिया आशीर्वाद
यह पावन ध्वज निशान यात्रा टिकाना सति भाई सांई दास कलानौर से शुरू होकर मुख्य बाजार से होते हुए विभिन्न गुरुगद्दियों और संत महापुरुषों के आश्रमों पर पहुंची, जहां भक्तों ने आशीर्वाद लिया। यात्रा का समापन रेलवे रोड स्थित खाटू श्याम धाम पर किया गया।
जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में भजन-कीर्तन का भी आयोजन हुआ, जिसमें भक्तों ने झूमकर बाबा का गुणगान किया। पूरे शहर में धार्मिक माहौल छा गया।
