हिसार के हांसी में सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। सैकड़ों युवाओं और स्कूली छात्रों ने भाग लेकर देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया। आयोजन में कुछ अव्यवस्थाएं भी देखने को मिलीं।
हिसार के हांसी में सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में शुक्रवार सुबह ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। इस दौड़ में शहर और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोगों, युवाओं और स्कूली छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में विधायक विनोद भयाना, तहसीलदार अनिल कुमार बिढ़ान, हांसी भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक सैनी, डीएसपी सिद्धार्थ बिश्नोई, सदर थाना प्रभारी सुमेर सिंह, धर्मवीर रतेरिया और विनोद सैनी सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
दौड़ उपमंडल परिसर से शुरू होकर काली देवी चौक, तोशाम चुंगी, बस स्टैंड और अंबेडकर चौक होते हुए विश्राम गृह में समाप्त हुई।
विधायक विनोद भयाना ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि “सरदार पटेल ने रियासतों को एकजुट कर अखंड भारत की नींव रखी थी।”
भाजपा नेता अशोक सैनी ने कहा कि सभी को लौह पुरुष के सिद्धांतों पर चलकर देश की एकता और अखंडता को बनाए रखना चाहिए।

हालांकि आयोजन के दौरान कुछ अव्यवस्थाएं भी देखने को मिलीं। फव्वारा चौक पर प्राइवेट बसें दौड़ में शामिल छात्रों के बीच आ गईं, जिससे अफरा-तफरी मच गई। वहीं काली देवी चौक पर आवारा पशु बच्चों के बीच दौड़ पड़े, जिन्हें हटाने के लिए ट्रैफिक पुलिस को तत्काल मोर्चा संभालना पड़ा।
दौड़ के बाद विश्राम गृह परिसर में पानी की बोतलें और केले के छिलके बिखरे पाए गए, जिससे सफाई व्यवस्था की कमी उजागर हुई।
इसके बावजूद प्रतिभागियों ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में देशभक्ति, एकता और अनुशासन की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने प्रशासन से भविष्य में सुरक्षा और सफाई व्यवस्था पर अधिक ध्यान देने की अपील की।
