कैथल जिले के कलायत कस्बे में बुधवार सुबह करीब 6:30 बजे आईटीआई चौक पर एक सड़क हादसा हो गया। नरवाना से कैथल जा रही हरियाणा रोडवेज की बस ने सामने चल रही इको कार को टक्कर मार दी, जिससे कार सड़क किनारे पलट गई। हादसे में इको कार ड्राइवर को हल्की चोटें आई हैं।
पुलिस के अनुसार, बस (नरवाना डिपो) कैथल की ओर जा रही थी, जब बस ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया और आगे चल रही इको कार (नंबर HR-08-F 2969) को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार पलटकर सड़क किनारे जा गिरी और उसका अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद बस ड्राइवर मौके से फरार हो गया। चश्मदीदों के मुताबिक, वह गाड़ी छोड़कर भागने की कोशिश कर रहा था। स्थानीय लोगों की सूचना पर कलायत की 112 पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई की और करीब दो किलोमीटर दूर बस ड्राइवर को कलायत बस स्टैंड के पास दबोच लिया।

पुलिस पूछताछ में ड्राइवर ने बताया कि वह डर के कारण मौके से भागा था। पुलिस ने उसके बयान दर्ज कर लिए हैं और बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कलायत थाना प्रभारी एसएचओ सतपाल सिंह ने बताया कि हादसे के सटीक कारणों की जांच की जा रही है। उन्होंने लोगों से सड़क पर सावधानी बरतने, तेज रफ्तार से वाहन न चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और वाहन चालकों की लापरवाही पर सवाल खड़े करता है।
