हिसार की मन्नत सैनी ने गोवा आयरनमैन इंटरनेशनल में मचाया धमाल, भारत के लिए जीता रजत पदक
हरियाणा के हिसार की बेटी मन्नत सैनी ने गोवा में आयोजित प्रतिष्ठित आयरनमैन इंटरनेशनल प्रतियोगिता में दूसरा स्थान हासिल कर भारत का नाम रोशन किया है।
इस प्रतियोगिता में 33 देशों के 1300 से अधिक प्रतिभागी शामिल हुए थे। 18 से 24 आयु वर्ग श्रेणी में मन्नत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता। उन्हें पदक और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस जीत के साथ मन्नत ने अगले वर्ष फ्रांस में होने वाली वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई भी कर लिया है, जो उनके खेल करियर का एक बड़ा पड़ाव साबित होगा।
हरियाणा स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की छात्रा हैं मन्नत
19 वर्षीय मन्नत सैनी हिसार के जवाहर नगर स्थित विजय कॉलोनी की रहने वाली हैं। वह इस समय हरियाणा स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी, राई (सोनीपत) में बी.एस.सी. स्पोर्ट्स साइंस के दूसरे वर्ष की छात्रा हैं।
मन्नत ने बताया कि यह उपलब्धि उनके लिए एक सपना सच होने जैसी है। अब उनका लक्ष्य फ्रांस में होने वाली वर्ल्ड चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतना है।
बचपन से ही खेलों के प्रति जुनून
मन्नत के पिता ने बताया कि उन्हें चौथी कक्षा से ही तैराकी का शौक था। उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई ओम प्रकाश जिंदल मॉडर्न स्कूल, हिसार से की। परिवार ने हमेशा उनके खेल के प्रति जुनून को समर्थन दिया और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
अब तक मन्नत पांच राज्य स्तरीय ट्रायथलॉन प्रतियोगिताओं में भाग ले चुकी हैं, जिनमें उन्होंने दो स्वर्ण और तीन रजत पदक जीते हैं।
राष्ट्रीय स्तर पर लगातार बेहतर प्रदर्शन
राष्ट्रीय स्तर की ट्रायथलॉन प्रतियोगिताओं में मन्नत की पहली बार 13वीं, दूसरी बार 7वीं और तीसरी बार 4वीं रैंक रही।
वे स्कूल के दिनों में स्पोर्ट्स हेड बॉय भी रही हैं।
अपनी सफलता का श्रेय मन्नत ने स्कूल की प्रिंसिपल नंदिता साहू और कोच राहुल राणा को दिया है, जिन्होंने हमेशा उनका मार्गदर्शन और हौसला बढ़ाया।

600 किमी साइकिलिंग कर बनाई मिसाल
करीब छह महीने पहले मन्नत ने 600 किलोमीटर की लगातार साइकिलिंग पूरी की थी, जिससे उनकी सहनशक्ति और दृढ़ इच्छाशक्ति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
वे बी.आर.एम. क्वालीफायर भी हैं।
उनके पिता, जो हिसार में मोबाइल की दुकान चलाते हैं, ने बताया कि मन्नत बचपन से ही पढ़ाई और खेल दोनों में होशियार रही हैं।
उनका सपना हमेशा से ऐसा कुछ करने का रहा है जिससे देश और प्रदेश का नाम ऊँचा हो।
लक्ष्य — वर्ल्ड चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक
मन्नत सैनी अब अपने अगले लक्ष्य फ्रांस में होने वाली वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 की तैयारी में जुट गई हैं।
वे चाहती हैं कि हरियाणा के युवा खेलों में रुचि लेकर देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करें।
उनकी सफलता ने न सिर्फ हिसार बल्कि पूरे हरियाणा को गर्व महसूस कराया है। मन्नत अब ‘आयरन वूमन ऑफ हिसार’ के नाम से जानी जा रही हैं।
