पानीपत: हरियाणा के पानीपत में एक विवाहिता ने ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से तंग आकर सुसाइड कर लिया। दिवाली की रात महिला का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अस्पताल भेज दिया।
मृतका की पहचान काजल (24) के रूप में हुई है, जिसकी शादी करीब डेढ़ साल पहले पड़ोस में रहने वाले युवक दीपक से हुई थी। काजल के चाचा अशोक गुंबर ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है।

परिजनों के अनुसार, शादी के बाद कुछ समय तक सब ठीक चला, लेकिन बाद में ससुराल वाले दहेज की मांग करने लगे। काजल ने कई बार फोन पर अपने मायके वालों को बताया कि उसके ससुराल वाले उससे सोफा, फ्रिज और अन्य सामान की मांग करते हैं।
परिवार ने बताया कि पिछले 4-5 दिनों से ससुराल में कोई उससे बात नहीं कर रहा था, जिससे काजल मानसिक रूप से काफी परेशान थी। दीपावली के दिन भी किसी ने उससे ठीक से बात नहीं की, जिसके बाद उसने अपने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी।
थाना प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। जैसे ही शिकायत दी जाएगी, पुलिस कानूनी कार्रवाई शुरू करेगी। मामले की जांच जारी है।
