Sunday, March 29, 2026
Homeजिला न्यूज़हिसारहांसी रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा टला, चलती ट्रेन से उतरने की...

हांसी रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा टला, चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश में महिला गंभीर रूप से घायल

हिसार जिले के हांसी रेलवे स्टेशन पर सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश कर रही एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला का पैर फिसलने से वह प्लेटफॉर्म पर गिर गई, जिससे उसके पैर में गहरी चोट आई।

घटना सोमवार सुबह की है, जब 35 वर्षीय मीरा, पत्नी बलवान निवासी गांव खरकड़ा, अपने पति और तीन बच्चों के साथ दादरी से हांसी लौट रही थीं। मीरा अपनी नंद के घर भात भरने गई थीं। जैसे ही ट्रेन हांसी स्टेशन पर पहुंची, ट्रेन पूरी तरह रुकने से पहले ही उन्होंने उतरने का प्रयास किया, जिससे उनका संतुलन बिगड़ गया और वे प्लेटफॉर्म पर गिर पड़ीं।

मीरा के गिरते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद जीआरपी जवान विकास ने बिना देर किए तत्परता दिखाई और घायल महिला को अपनी निजी गाड़ी से हांसी के सामान्य अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें भर्ती कर लिया।

मीरा के पति बलवान ने बताया कि वे अपनी बहन के बेटे की शादी से लौट रहे थे। उन्होंने कहा, “ट्रेन धीमी हो रही थी, लेकिन पूरी तरह रुकी नहीं थी। मेरी पत्नी ने जल्दबाजी में उतरने की कोशिश की, जिससे यह हादसा हो गया।”

पुलिस ने बताया कि घायल महिला की स्थिति अब स्थिर है। हांसी जीआरपी ने पूरे मामले की जानकारी दर्ज कर ली है और अन्य यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेन से उतरने या चढ़ने की कोशिश न करें।

जीआरपी के अधिकारियों ने कहा कि ऐसे हादसे सिर्फ कुछ सेकंड की असावधानी से हो जाते हैं, जो जानलेवा साबित हो सकते हैं। रेलवे पुलिस ने लोगों को सतर्क रहने और ट्रेन के पूरी तरह रुकने के बाद ही उतरने की सलाह दी है।

इस घटना में जीआरपी जवान की तत्परता ने एक बड़ी त्रासदी को टाल दिया और समय पर मदद मिलने से महिला की जान बच गई।

Sonu Baali
Sonu Baalihttp://khasharyananews.com
संस्थापक, खास हरियाणा न्यूज़- हरियाणा की ज़मीन से जुड़ा एक निष्पक्ष और ज़मीनी पत्रकार। पिछले 6+ वर्षों से जनता की आवाज़ को बिना किसी एजेंडे के सामने लाने का प्रयास कर रहे हैं। देसी अंदाज़ और सच्ची पत्रकारिता में विश्वास रखते हैं। 🌐 khasharyana.com
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments