Friday, March 27, 2026
Homeखेलवर्ल्ड बॉक्सिंग कप में ब्रॉन्ज जीतकर इमोशनल हुईं स्वीटी बूरा, मेडल महिलाओं,...

वर्ल्ड बॉक्सिंग कप में ब्रॉन्ज जीतकर इमोशनल हुईं स्वीटी बूरा, मेडल महिलाओं, जानवरों और मां को समर्पित

दिल्ली में आयोजित वर्ल्ड बॉक्सिंग कप फाइनल 2025 में ब्रॉन्ज मेडल जीतने के बाद भारत की स्टार बॉक्सर और हिसार की बेटी स्वीटी बूरा सोशल मीडिया पर भावुक नजर आईं। स्वीटी ने अपना मेडल बेजुबान जानवरों, अत्याचार सहने वाली महिलाओं और अपनी मां को समर्पित किया। उनकी फेसबुक पोस्ट पर जहां हजारों लोगों ने सराहना की, वहीं कुछ यूजर्स ने ट्रोल करने की भी कोशिश की, जिनको अन्य फॉलोअर्स ने करारा जवाब दिया।

स्वीटी ने फेसबुक पर लिखा—
“मेरा यह मेडल जानवरों और जुबान होते हुए भी जुल्मों के आगे बेजुबान हो जाने वाली महिलाओं और मेरी मां के नाम।”
यह पोस्ट कुछ ही समय में वायरल हो गई।

दैनिक भास्कर ऐप से बातचीत में स्वीटी ने कहा कि उनकी पोस्ट का मकसद पॉजिटिविटी फैलाना और महिलाओं को मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि समाज में आज भी महिलाएं अनदेखी झेलती हैं। “लड़कियां सोचती हैं कि कुछ समय बाद सब ठीक हो जाएगा और चुप रह जाती हैं। लेकिन अत्याचार तब खत्म होगा, जब उसके खिलाफ आवाज उठाई जाएगी,” स्वीटी ने कहा।

जानवरों पर हो रहे अत्याचार पर भी बोलीं स्वीटी

स्वीटी बूरा ने बताया कि उन्हें पशु-प्रेम है और जीवन के कठिन वक्त में जानवरों ने उन्हें भावनात्मक सहारा दिया। उन्होंने कहा कि आज लोग जानवरों को काटकर खा जाते हैं, जबकि वे इंसानों के सबसे बड़े दोस्त होते हैं।
उन्होंने कहा—
“गाय दूध दे रही है तो उसे रख लिया, दूध देना बंद कर दिया तो घर से निकाल दिया। ऐसी क्रूरता कम होनी चाहिए।”

‘मेरी मां ही मेरी असली ताकत हैं’

स्वीटी ने अपनी मां को समर्पित संदेश देते हुए कहा कि जो भी वह हासिल कर रही हैं, वह मां की वजह से है। “मेरी जिंदगी में जो कुछ हुआ, उससे मैं लगभग टूट चुकी थी। लेकिन मां ने मुझे दोबारा खड़ा किया,” उन्होंने कहा।

ट्रोलर्स को फॉलोअर्स का जवाब

फेसबुक पोस्ट पर एक यूजर नवीन सांगवान ने विवादित टिप्पणी करते हुए लिखा कि—
“महिला में मेडल जीतने से ज्यादा घर बसाने का हुनर होना चाहिए।”

इस पर सुनील कुमार नाम के यूजर ने जवाब दिया—
“140 करोड़ लोगों में कितने लोग मेडल जीतते हैं? आपने या आपके घर किसी ने नेशनल खेला है क्या?”
यह वाकया सोशल मीडिया पर खूब शेयर हुआ।

कबड्डी से बॉक्सिंग तक का सफर

स्वीटी बूरा हिसार के किसान परिवार से आती हैं। उनके पिता महेंद्र सिंह नेशनल-लेवल बास्केटबॉल खिलाड़ी रहे। बचपन में स्वीटी ने कबड्डी खेली, लेकिन 2009 में पिता के कहने पर बॉक्सिंग चुन ली।
शुरुआत में उन्होंने खेतों में बने अस्थायी अखाड़े में अभ्यास किया। बाद में बेहतर ट्रेनिंग के लिए हरियाणा से बाहर जाना पड़ा। उनकी बहन सिवी बूरा भी बॉक्सर हैं।

दीपक हुड्डा से शादी और विवाद

स्वीटी ने 7 जुलाई 2022 को कबड्डी के स्टार खिलाड़ी दीपक हुड्डा से शादी की। लेकिन साल 2025 में दोनों का विवाद सुर्खियों में आ गया।
15 मार्च 2025 को हिसार महिला थाने में दोनों पहुंचे थे, जहां मारपीट का वीडियो सामने आया। वीडियो में स्वीटी दीपक का गला पकड़ते हुए नजर आईं। दीपक की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया था।

हालांकि बाद में स्वीटी ने कहा कि दीपक ने उन्हें फोन में कुछ दिखाने के बहाने पास बुलाया था। यह विवाद महीनों सुर्खियों में रहा और इसके बाद स्वीटी ने बॉक्सिंग रिंग में वापसी की घोषणा की।

अब स्वीटी ने वर्ल्ड बॉक्सिंग कप 2025 में 75 किलोग्राम मिडिलवेट कैटेगरी में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर शानदार कमबैक किया है।

Sonu Baali
Sonu Baalihttp://khasharyananews.com
संस्थापक, खास हरियाणा न्यूज़- हरियाणा की ज़मीन से जुड़ा एक निष्पक्ष और ज़मीनी पत्रकार। पिछले 6+ वर्षों से जनता की आवाज़ को बिना किसी एजेंडे के सामने लाने का प्रयास कर रहे हैं। देसी अंदाज़ और सच्ची पत्रकारिता में विश्वास रखते हैं। 🌐 khasharyana.com
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments