सोनीपत जिले के बरोदा से कांग्रेस विधायक इंदु राज भालू ने अपने कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पानीपत के एक पेट्रोल पंप पर रोडवेज कंडक्टर के साथ हुई मारपीट को गंभीर मामला बताया। विधायक ने आरोप लगाया कि पंप संचालिका ने कंडक्टर और ड्राइवर के साथ अभद्र व्यवहार किया और उच्च अधिकारियों के दबाव में माफी मंगवाने का प्रयास किया गया।
वॉशरूम विवाद से शुरू हुआ मामला
भालू ने बताया कि बस पानीपत के पेट्रोल पंप पर रुकी क्योंकि बस में बैठी महिला को अपने छोटे बच्चे के लिए वॉशरूम की जरूरत थी। पेट्रोल पंप संचालिका ने महिला और कंडक्टर से अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि वॉशरूम कराना कोई अपराध नहीं है, फिर भी वहां मौजूद लोगों ने गंदी भाषा का प्रयोग किया।
ड्राइवर की फोटो भेजकर माफी का दबाव
विधायक ने आरोप लगाया कि पंप संचालिका ने ड्राइवर की फोटो खींचकर उच्च अधिकारियों को भेजी। इसके बाद अधिकारियों ने फोन कर माफी मांगने का दबाव बनाया। भालू ने कहा कि यह दबाव सत्ता पक्ष के प्रभाव के कारण डाला गया।
कंडक्टर के साथ मारपीट
भालू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि बाद में कंडक्टर को पंप पर बुलाकर लात-घूंसों से मारा गया। उन्होंने कहा कि एक कर्मचारी जो रोज हजारों यात्रियों को सेवा देता है, उसके साथ इस तरह का व्यवहार बिल्कुल निंदनीय है।

सत्ता का घमंड और राजनीतिक संरक्षण
विधायक ने दावा किया कि पेट्रोल पंप भाजपा के वरिष्ठ नेता और मंत्री कृष्ण लाल पंवार से जुड़ा है। शायद इसी राजनीतिक संरक्षण के कारण पंप संचालिका ने अभद्र व्यवहार किया।
रोडवेज जीएम पर गंभीर आरोप
भालू ने रोडवेज जीएम पर आरोप लगाया कि उन्होंने कंडक्टर के बजाय पेट्रोल पंप संचालिका का पक्ष लिया और माफी मंगवाई। विधायक ने इसे प्रबंधन की लचर कार्यप्रणाली बताया।
कर्मचारियों की हड़ताल और कांग्रेस का समर्थन
भालू ने बताया कि गोहाना डिपो के कर्मचारी सामूहिक रूप से हड़ताल पर हैं। कांग्रेस पार्टी भी इस आंदोलन को पूर्ण समर्थन देगी।
एससी-एसटी एक्ट का गलत इस्तेमाल
विधायक ने कहा कि पंप संचालिका ने मारपीट के आरोपों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट का गलत इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि किसी कानून का दुरुपयोग निर्दोष को फंसाने के लिए लोकतंत्र और समाज दोनों के लिए घातक है।
भाजपा पर तीखा राजनीतिक हमला
भालू ने कहा कि हरियाणा में भाजपा ने जनता के मतों से नहीं बल्कि वोट चोरी और सरकार चोरी करके सत्ता हासिल की। उन्होंने बिहार चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि महागठबंधन की रैलियों में भारी अंतर था और राहुल गांधी जैसी पढ़ी-लिखी नेताओं से भाजपा को चुनौती मिलेगी।
भाजपा में गुटबाजी और कांग्रेस की रीढ़
भालू ने भाजपा की अंदरूनी कलह और गुटबाजी पर टिप्पणी की। उन्होंने हुड्डा परिवार को कांग्रेस की रीढ़ बताया और कहा कि कांग्रेस छोड़कर जाने वाले लोग कभी असली कांग्रेसी नहीं थे।
