सिरसा जिले के मोडिया खेड़ा गांव में एक महिला के साथ बिजली कनेक्शन लगाने को लेकर विवाद हुआ। पड़ोसियों ने घर में घुसकर महिला के साथ मारपीट की और धमकियां दीं। पुलिस ने दो नामजद सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
सिरसा जिले के गांव मोडिया खेड़ा में एक महिला के साथ पड़ोसियों ने घर में घुसकर मारपीट और गाली-गलौज की। मामला बिजली कनेक्शन लगाने को लेकर हुए विवाद का बताया जा रहा है। शिकायत मिलने के बाद सदर थाना पुलिस ने दो नामजद सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घायल महिला वीना ने बताया कि वह घरेलू कामकाज करती है। तीन दिन पहले पड़ोसी दीपक ने झगड़े के दौरान उनके घर की बिजली केबल काट दी थी। शनिवार को जब बिजली बोर्ड के कर्मचारी घर का कनेक्शन जोड़ने पहुंचे, तो दीपक, काला राम और पवन कुमार मौके पर आ गए और उन्हें कनेक्शन जोड़ने से रोक दिया।
इसके बाद आरोपी गाली-गलौज करते हुए घर के अंदर घुस आए और वीना के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने आई उसकी ननंद के साथ भी बदसलूकी की गई। घटना के समय वीना का पति अपने माता-पिता को दवा दिलाने के लिए सिरसा गया हुआ था।
महिला ने बताया कि जाते समय आरोपियों ने उसे धमकी दी कि अगर आगे से बिजली कनेक्शन जोड़ा गया तो परिणाम भुगतने होंगे। घायल वीना को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
