सिरसा जिले में एक महिला पर पड़ोस के ही दंपती ने हमला कर दिया। आरोप है कि महिला पड़ोसी ने न केवल उसे पीटा बल्कि चाकू से वार कर उसके सिर पर गंभीर चोट भी पहुंचाई। घायल महिला का इलाज सिविल अस्पताल सिरसा में चल रहा है।
घायल महिला के पति ने बताया कि आरोपी दंपती पहले भी उनके साथ झगड़ा कर चुके हैं, जिसका समझौता हो गया था। लेकिन अब दोबारा उन्होंने झगड़ा कर लिया और पत्नी पर हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कटड़ी को मारी ईंट, फिर बढ़ा विवाद

शिकायतकर्ता बबली ने पुलिस को बताया कि वह चतरगढ़ पट्टी नाई वाली ढाणी की रहने वाली है। शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे वह पशुओं को संभालने गई थी। तभी एक कटड़ी खुले में चारा खा रही थी।
पड़ोस की महिला नीलम ने कटड़ी को ईंट मार दी। जब बबली ने इसका विरोध किया तो नीलम गुस्से में आ गई।
गिराकर की मारपीट, चाकू से किया हमला
बबली ने बताया कि तभी नीलम का पति पवन भी वहां आ गया। उसने उसे धक्का देकर गिरा दिया और लात मार दी। नीलम ने हाथ में लिए चाकू से वार कर दिया, जिससे उसके सिर पर गहरी चोट लगी।
शोर सुनकर उसका पति मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव किया। आरोप है कि जाते-जाते पवन ने धमकी दी — “आज बच गई, अगली बार जान से मार दूंगा।”
परिजनों ने घायल बबली को सिविल अस्पताल सिरसा में भर्ती कराया और पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने आरोपी दंपती के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
