Tuesday, March 31, 2026
Homeअपराधसिरसा में विवाहिता ने पटवारी पति पर दहेज उत्पीड़न का आरोप, कहा-...

सिरसा में विवाहिता ने पटवारी पति पर दहेज उत्पीड़न का आरोप, कहा- कार और 5 लाख नहीं दिए तो घर से निकाला

हरियाणा के सिरसा में एक विवाहिता ने अपने पति पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और घर से निकालने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि पति के पटवारी बनने के बाद उसका व्यवहार बदल गया। उसने कार और 5 लाख रुपए की मांग की और पूरी न होने पर दूसरी शादी की धमकी दी।

हरियाणा के सिरसा जिले से दहेज उत्पीड़न का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक विवाहिता ने अपने पति पर बतौर पटवारी चयन होने के बाद उसे प्रताड़ित करने और घर से निकाल देने का गंभीर आरोप लगाया है।

महिला ने कहा कि शादी से पहले उसका पति बेरोजगार था, लेकिन नौकरी लगने के बाद उसका रवैया पूरी तरह बदल गया। अब वह कार और 5 लाख रुपए नकद की मांग करने लगा। मांग पूरी न करने पर दूसरी शादी करने की धमकी दी और उसे घर से निकाल दिया।

विवाहिता ने बताया कि आरोपी का पिता हरियाणा पुलिस में सब-इंस्पेक्टर के पद से रिटायर है और वह अपने पुलिस रसूख का डर दिखाता है।

डेरे में हुई थी शादी

FIR के मुताबिक, उपकार कॉलोनी निवासी पीड़िता ने बताया कि वह डेरा सच्चा सौदा में विश्वास रखती है और वहीं सेवा करती थी। डेरे में ही उसकी मुलाकात प्रीत नगर की एक महिला से हुई, जिसने अपने बेटे मनजीत सिंह के लिए रिश्ता प्रस्तावित किया।

महिला के अनुसार, अगस्त 2024 में रिश्ता तय हुआ और अक्टूबर 2024 में दोनों की शादी डेरे में ही संपन्न हुई। उस समय मनजीत बेरोजगार था, लेकिन शादी के कुछ समय बाद उसका चयन पटवारी के पद पर हो गया।

नौकरी लगने के बाद बदल गया व्यवहार

विवाहिता ने आरोप लगाया कि शादी के बाद कुछ समय तक सब ठीक चला, लेकिन नौकरी लगने के बाद पति का स्वभाव बदल गया। वह अक्सर कहता था कि “अब मैं पटवारी हूं, मुझे और अच्छे रिश्ते मिल जाएंगे।”

पति और ससुराल वालों ने कार और 5 लाख रुपए की मांग की। विरोध करने पर मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया गया।

गर्भपात और पंचायत में समझौता

महिला ने बताया कि गर्भावस्था के दौरान भी उसे प्रताड़ित किया गया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई और गर्भपात करवाना पड़ा। बाद में पंचायत के जरिए समझौता हुआ, लेकिन फिर से प्रताड़ना शुरू कर दी गई।

घर से निकाल दिया

पीड़िता के भाई ने पुलिस को बताया कि अप्रैल 2025 में उसके साथ मारपीट की गई और उसे घर से निकाल दिया गया। ससुर, जो कि रिटायर्ड सब-इंस्पेक्टर हैं, पुलिस में अपनी पहुंच का डर दिखाकर धमकियां देते हैं।

फिलहाल महिला की शिकायत पर सिरसा महिला थाना पुलिस ने पति मनजीत सिंह, ससुर लखविंदर सिंह और सास सहित अन्य पर दहेज प्रताड़ना, धमकी और मारपीट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

Sonu Baali
Sonu Baalihttp://khasharyananews.com
संस्थापक, खास हरियाणा न्यूज़- हरियाणा की ज़मीन से जुड़ा एक निष्पक्ष और ज़मीनी पत्रकार। पिछले 6+ वर्षों से जनता की आवाज़ को बिना किसी एजेंडे के सामने लाने का प्रयास कर रहे हैं। देसी अंदाज़ और सच्ची पत्रकारिता में विश्वास रखते हैं। 🌐 khasharyana.com
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments