वर्ल्ड कप 2025 की विजेता टीम की स्टार महिला क्रिकेटर शेफाली वर्मा आज अपने परिवार के साथ चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास पहुंचीं। यहां उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सैनी से मुलाकात की। इस मौके पर सीएम ने उन्हें 1.5 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि और ग्रेड ए ग्रेडेशन सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शेफाली ने न केवल हरियाणा बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। वह आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा देश में खेलों का रोल मॉडल बन चुका है और सरकार खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
इसके साथ ही हरियाणा महिला आयोग ने शेफाली वर्मा को साल 2026 के लिए अपना ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया है। आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने बताया कि शेफाली जैसी बेटियों से राज्य की अन्य लड़कियों को प्रेरणा लेनी चाहिए।

शेफाली को मिल सकती है सरकारी नौकरी
खेल मंत्री गौरव गौतम ने बताया कि खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों में 3% आरक्षण दिया जाता है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को A, B और C श्रेणी की नौकरियों में वरीयता दी जाती है। शेफाली वर्मा को डिप्टी डायरेक्टर स्तर तक की नौकरी मिल सकती है।
शेफाली वर्मा ने कहा — “मेहनत करते रहिए, मंज़िल ज़रूर मिलेगी”
इनाम मिलने के बाद शेफाली ने कहा,
“मुझे बहुत खुशी है कि हरियाणा की मिट्टी में स्पोर्ट्स का जज़्बा है। मैं यही कहूंगी — मेहनत करते रहिए, मंजिल जरूर मिलेगी। हरियाणा सरकार खिलाड़ियों को लगातार प्रोत्साहित कर रही है।”
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने फाइनल मैच के बाद फोन पर शेफाली वर्मा को बधाई दी थी और कहा था कि उनका प्रदर्शन पूरे देश के लिए गर्व की बात है।
