हिसार की विधायक और ओपी जिंदल समूह की प्रमुख सावित्री जिंदल 39.6 बिलियन डॉलर की संपत्ति के साथ फोर्ब्स इंडिया 2025 में भारत की सबसे अमीर महिला बनीं।
फोर्ब्स इंडिया की रिच लिस्ट 2025 में सावित्री जिंदल की ऐतिहासिक छलांग

हरियाणा के हिसार से विधायक और ओपी जिंदल समूह (OP Jindal Group) की चेयरपर्सन सावित्री जिंदल ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है।
फोर्ब्स इंडिया रिच लिस्ट 2025 के अनुसार, 39.6 बिलियन डॉलर की संपत्ति के साथ वे भारत की सबसे अमीर महिला बन गई हैं।
उन्होंने देश के अरबपतियों की सूची में तीसरा स्थान हासिल किया है — मुकेश अंबानी और गौतम अडाणी के बाद।
दुनिया के सबसे अमीर लोगों की लिस्ट में अब सावित्री जिंदल 48वें स्थान पर पहुंच गई हैं।
छह महीने में 4.1 बिलियन डॉलर की वृद्धि
अप्रैल 2025 में जारी फोर्ब्स बिलियनेयर लिस्ट के अनुसार, उस समय सावित्री जिंदल की संपत्ति 35.5 बिलियन डॉलर थी।
सिर्फ छह महीनों में उनकी नेटवर्थ 4.1 बिलियन डॉलर बढ़ गई है।
दिलचस्प बात यह है कि जहां भारत के 100 सबसे अमीर लोगों की कुल संपत्ति में 9% की गिरावट दर्ज की गई, वहीं जिंदल समूह ने शानदार बढ़त दिखाई।
चार बेटों में बंटा साम्राज्य — स्टील से लेकर इलेक्ट्रिक कारों तक विस्तार
ओपी जिंदल समूह का व्यापार इस्पात, बिजली, सीमेंट और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में फैला हुआ है।
ओपी जिंदल की 2005 में हेलिकॉप्टर दुर्घटना में मौत के बाद समूह का कारोबार चार बेटों में बांटा गया —
- सज्जन जिंदल: JSW Steel, JSW Cement, JSW Paints और JSW Infrastructure का संचालन करते हैं।
2024 में इन्होंने MG Motor India में 35% हिस्सेदारी लेकर इलेक्ट्रिक वाहन सेक्टर में कदम रखा। - नवीन जिंदल: Jindal Steel & Power का प्रबंधन करते हैं और कुरुक्षेत्र से भाजपा सांसद हैं।
ओपी जिंदल का सफर — असम से हिसार तक का औद्योगिक कारवां
ओपी जिंदल का जन्म हिसार के नलवा गांव में हुआ था। किसान परिवार से आने वाले जिंदल ने
द्वितीय विश्व युद्ध के बाद अमेरिकी फौज द्वारा छोड़े गए लोहे-स्टील के सामान से व्यापार का आइडिया लिया।
1952 में उन्होंने कोलकाता के पास Jindal India Limited की स्थापना की।
1960 में हिसार लौटकर बाल्टी बनाने की फैक्ट्री लगाई और 1969 में Jindal Strips Limited की नींव रखी,
जो आज Jindal Stainless के नाम से जानी जाती है।
सावित्री जिंदल — असम की बेटी से लेकर हरियाणा की ताकतवर नेता तक
सावित्री जिंदल का जन्म 20 मार्च 1950 को असम के तिनसुकिया में हुआ।
सिर्फ 15 साल की उम्र में उन्होंने ओपी जिंदल से शादी की, जो पहले से छह बच्चों के पिता थे।
पति की 2005 में मृत्यु के बाद सावित्री देवी ने न केवल परिवार बल्कि पूरा बिजनेस भी संभाला।
उन्होंने हिसार से उपचुनाव जीता और दो बार विधायक चुनी गईं।
बाद में वे हरियाणा सरकार में मंत्री भी बनीं।
“मां और पिता दोनों की भूमिका निभानी पड़ी” — सावित्री जिंदल
एशिया वन मैगजीन को दिए एक इंटरव्यू में सावित्री जिंदल ने कहा —
“मैं आम भारतीय नारी की तरह परिवार की देखभाल कर रही थी।
पति की अचानक मौत के बाद मुझे बिजनेस संभालना पड़ा।
जब पिता का साया उठ जाए तो मां को पिता की भूमिका भी निभानी पड़ती है।”
उन्होंने कहा कि जिंदल परिवार की सबसे बड़ी ताकत है —
“प्यार और आपसी विश्वास”, जिसने समूह को आज इस मुकाम तक पहुंचाया है।
