पानीपत जिले के समालखा थाना पुलिस ने ऑफिसर कॉलोनी में युवक पर लाठी-डंडों और सरिये से जानलेवा हमला करने वाले गिरोह पर बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देहरा गांव निवासी अजय, डिकाडला निवासी तुषार और नवीन के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से वारदात में उपयोग की गई काली स्कॉर्पियो, सफेद ओरा गाड़ी और एक डंडा भी बरामद किया है।
रंजिश का मामला, रास्ता रोककर किया हमला
समालखा थाना प्रभारी दीपक ने बताया कि पूछताछ में तीनों आरोपियों ने खुलासा किया है कि उन्होंने अपने दो फरार साथियों के साथ मिलकर पुरानी रंजिश के चलते युवक दीपक पर हमला किया था। यह हमला ऑफिसर कॉलोनी के अंदर किया गया, जहां पीड़ित दीपक अपने दोस्त से मिलने पहुंचा था।
पुलिस के अनुसार, करीब दो महीने पहले लाखू बुआना निवासी संदीप और देहरा गांव निवासी अजय के बीच पैसों को लेकर विवाद हुआ था। इस मामले में दीपक भी थाने बुलाया गया था, जहां पंचायत में राजीनामा हो गया। लेकिन अजय ने उसी दिन दीपक से रंजिश पाल ली और उसे धमकी दी कि संदीप का साथ देने का ‘मजा चखा देगा’।
ऑफिस से निकलते ही घेर लिया
दीपक ने अपनी शिकायत में बताया कि 16 नवंबर को वह ऑफिसर कॉलोनी स्थित एक प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस में अपने दोस्त अनूप से मिलने गया था। वहां से लौटते समय अचानक एक काली स्कॉर्पियो और एक सफेद ओरा गाड़ी उसके सामने आकर रुकीं। इन गाड़ियों में देहरा निवासी अजय, डिकाडला निवासी रविंद्र, तुषार, नवीन, आटा गांव निवासी कुनाल और उनके साथ 8-10 अन्य युवक मौजूद थे।

सभी ने मिलकर दीपक का रास्ता रोक लिया और उसे गाड़ियों के पीछे खींचते हुए बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।
लाठी-सरिये से हमला, चेन भी तोड़ी
दीपक ने बताया कि अजय ने सरिये से उसके सिर पर जोरदार वार किया, जबकि नवीन ने उसके गले में पहनी सोने की चेन तोड़ ली। तीव्र चोट लगने के कारण दीपक वहीं गिर पड़ा और बेहोश हो गया। हमलावर उसे मृत समझकर मौके से भाग निकले।
इस दौरान उसका दोस्त अनूप और इंद्रा मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत समालखा के सरकारी अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने पर उसे रेफर कर दिया।
तीन गिरफ्तार, दो अभी भी फरार
दीपक की शिकायत पर थाना समालखा में कई आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों — अजय, तुषार और नवीन — को गिरफ्तार कर लिया है। इनके कब्जे से वारदात में उपयोग किए गए वाहन और डंडा भी बरामद किया गया है।
थाना प्रभारी दीपक ने बताया कि दो आरोपी रविंद्र और कुनाल सहित अन्य लड़कों की तलाश जारी है। पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं और जल्द सभी को गिरफ्तार करने का दावा किया है।
पुलिस ने कहा — पुरानी रंजिश में की गई वारदात
पुलिस का कहना है कि यह हमला पूरी तरह पुरानी रंजिश का नतीजा है। आरोपियों ने पहले से प्लानिंग कर पीड़ित के आने-जाने के रूट का पता लगाया और गाड़ियों में सवार होकर उसे घेर लिया। उनकी मंशा पीड़ित को गंभीर रूप से घायल करने की थी।
पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड, उनके मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।
