रोहतक: धनतेरस और दीपावली जैसे बड़े त्योहारों को देखते हुए रोहतक पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में है। शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों और बाजारों में पैदल गश्त बढ़ा दी गई है। साथ ही, बाजारों को वाहन फ्री जोन घोषित किया गया है ताकि लोगों को त्योहार की खरीदारी के दौरान किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।

धनतेरस, दीपावली और गोवर्धन पूजा के अवसर पर बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए बाजारों में पहुंच रहे हैं। इस दौरान पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। जिले की अधिकतर पुलिस फोर्स को गश्त और नाकाबंदी पर तैनात किया गया है।
स्वाट टीम और सीआईए की निगरानी
रोहतक पुलिस की स्वाट टीम आधुनिक हथियारों से लैस है और किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार है।
वहीं सीआईए की अलग-अलग टीमें लगातार गश्त कर रही हैं। शहर के मुख्य स्थानों जैसे बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, रेलवे रोड, किला रोड, शोरी मार्केट, बड़ा बाजार, गांधी कैंप मार्केट, भिवानी स्टैंड और डी-पार्क जैसे इलाकों में पुलिस की पैनी नजर है।
ट्रैफिक पुलिस ने भी ट्रैफिक को सुचारू रखने के लिए रूट डायवर्जन, पार्किंग स्थल, मचान और गश्त प्लान तैयार किया है।
महिला पुलिस की तैनाती और रातभर गश्त
भीड़ वाले इलाकों में महिला पुलिसकर्मियों को भी गश्त पर लगाया गया है। सभी थाना प्रभारी को अपने-अपने क्षेत्र में रात देर तक गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला कंट्रोल रूम को भी आदेश दिए गए हैं कि किसी भी सूचना का आदान-प्रदान शीघ्रता और सटीकता से किया जाए तथा हर छोटी-बड़ी घटना की जानकारी तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को दी जाए।
संदिग्ध वस्तु दिखे तो तुरंत करें सूचना
एसपी सुरेंद्र भौरिया ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी लावारिस या संदिग्ध वस्तु को हाथ न लगाएं और उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।
यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति या वाहन दिखाई देता है तो डायल 112 या नजदीकी थाना/चौकी में सूचित करें। उन्होंने कहा कि जनता की हर सूचना पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
